UP News:यूपी मैंगो फेस्टिवल 2026 का आगाज, आकर्षण का केंद्र बनीं अनोखी वैरायटी

लखनऊ। तीन दिवसीय मैंगो फेस्टिवल में प्रदेशभर की करीब 800 किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक पैक हाउस और निर्यात सुविधाओं के कारण उत्तर प्रदेश का आम अब दुनिया के कई देशों तक पहुंच रहा है। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाकर आम उत्पादन को लाभकारी बनाने का संदेश दिया।
देश के आम उत्पादन में यूपी की बड़ी हिस्सेदारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में आम की कुल खेती वाले क्षेत्रफल का लगभग नौ प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है, लेकिन उत्पादन के मामले में प्रदेश 26 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखता है। उन्होंने इसे किसानों की मेहनत और बेहतर कृषि व्यवस्था का परिणाम बताया। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के आम को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिले। इसी उद्देश्य से मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया गया है।
एक मंच पर आए कई जिलों के किसान
तीन दिवसीय इस महोत्सव का उद्देश्य आम उत्पादकों, कृषि वैज्ञानिकों और खरीदारों को एक मंच पर लाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैज्ञानिक तकनीक और आधुनिक विपणन व्यवस्था से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। सरकार लगातार ऐसी योजनाओं पर काम कर रही है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।
800 किस्मों के आम बने आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में प्रदेशभर से करीब 800 किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें मलिहाबाद का दशहरी, वाराणसी और गोरखपुर का लंगड़ा, बागपत और सहारनपुर का रतौल और बस्ती का आम्रपाली विशेष आकर्षण रहे। प्रदर्शनी के दौरान करीब आधा किलो वजनी आम ने सभी का ध्यान खींचा। मुख्यमंत्री ने इसे हाथ में लेकर तस्वीर भी खिंचवाई।
ये भी पढ़ें: VIP दर्शन रैकेट! राम मंदिर में VIP दर्शन के नाम पर 25 हजार तक वसूली का खुलासा, SIT जांच तेज
जीआई टैग और 'काकोरी' ब्रांड से मिली नई पहचान
मलिहाबाद के प्रसिद्ध दशहरी आम को जीआई टैग मिलने के बाद उसकी पहचान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है। राज्य सरकार ने इसे 'काकोरी' ब्रांड के नाम से भी बढ़ावा दिया है। यह नाम काकोरी ट्रेन एक्शन के शहीदों को सम्मान देने के उद्देश्य से रखा गया है। सरकार का मानना है कि ब्रांडिंग और गुणवत्ता दोनों मिलकर किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराएंगे।
ये भी पढ़ें: Red Bull, Sting, Monster... क्या सच में एनर्जी बढ़ाते हैं ये ड्रिंक? FSSAI ने कंपनियों से मांगा जवाब
कई देशों में एक्सपोर्ट हो रहा यूपी का आम
प्रदेश में सहारनपुर, लखनऊ, अमरोहा और वाराणसी में आधुनिक मैंगो पैक हाउस स्थापित किए गए हैं, जहां आम की ग्रेडिंग, छंटाई और पैकेजिंग की जाती है। उत्तर प्रदेश का आम अब ब्रिटेन, यूएई, जापान, इटली, कतर, रूस सहित कई देशों में निर्यात हो रहा है। इसके अलावा जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए इंटीग्रेटेड टेस्टिंग एंड ट्रीटमेंट पार्क विकसित करने की भी तैयारी की जा रही है। इससे किसानों को वैश्विक बाजार में और अधिक अवसर मिलने की उम्मीद है।











