अब न कर्फ्यू, न दंगा...माफिया का होगा सफाया, CM योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। शिकारपुर स्थित रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में छात्रों, अभिभावकों और प्रबुद्धजनों से संवाद करने के बाद उन्होंने बुलंदशहर में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, किसानों, औद्योगिक निवेश और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है न दंगा और सरकार ने माफिया का सफाया कर दिया है। महिलाओं की सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।"
2017 से पहले की सरकारों पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गड्ढों, अंधेरे, दंगों और अपराध से होती थी। व्यापारी और बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे, जबकि हर जिले में माफिया और अवैध वसूली का बोलबाला था। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरियों और योजनाओं पर कुछ परिवारों का प्रभाव रहता था, लेकिन अब प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है। सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय और अन्य योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
₹574 करोड़ की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 30 परियोजनाओं का लोकार्पण और 27 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, चेक, टूल किट, थर्मल प्रिंटर, मकानों की चाबियां और अन्य सहायता सामग्री वितरित की। मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही जनसभा में मौजूद लोगों ने 'शेर आया, शेर आया' के नारे लगाए।
जेवर एयरपोर्ट और गंगा एक्सप्रेसवे से बदलेगी तस्वीर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मंजूरी मिल चुकी है। इससे बुलंदशहर को सबसे अधिक फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जेवर केवल एक एयरपोर्ट नहीं बल्कि इंटरनेशनल फिल्म सिटी, आईटी पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, एयर कार्गो और औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। साथ ही बुलंदशहर के लिए रिंग रोड और लिंक एक्सप्रेसवे की भी स्वीकृति मिल चुकी है।
ये भी पढ़ें: जालंधर में बोले पीएम मोदी... पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार, विश्वासघात को छुपा रही
कल्याण सिंह मेडिकल कॉलेज और खुर्जा उद्योग का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी किसी ने नहीं सोचा था कि बुलंदशहर में मेडिकल कॉलेज बनेगा, लेकिन आज कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने खुर्जा के सिरेमिक और क्रॉकरी उद्योग का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस उद्योग ने बुलंदशहर को ग्लोबल पहचान दिलाई है। साथ ही बुलंदशहर को देश के सबसे अधिक सैनिक देने वाले जिलों में शामिल बताते हुए कहा कि रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर भविष्य में और अधिक सैनिक तैयार करेगा।
उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी रखा पक्ष
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज चीनी, गन्ना और एथेनॉल उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि देश में बनने वाले लगभग 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और करीब 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहे हैं। योगी ने कहा कि राज्य को लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें: UP Politics: सोनम वांगचुक के अनशन पर बोले केशव प्रसाद मौर्य, 'लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन'
किसानों के मुआवजे में बढ़ोतरी का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलंदशहर के जनप्रतिनिधियों और किसानों की मांग पर सरकार ने भूमि अधिग्रहण मुआवजे में बढ़ोतरी का फैसला किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों, युवाओं और प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।












