Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

संविधान गौरव दिवस पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, शेखावत ने EVM तो CM मोहन यादव ने संविधान संशोधन पर उठाए सवाल

भोपाल में संविधान गौरव दिवस की संगोष्ठी में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि 1954 के चुनाव में डॉ. भीमराव आंबेडकर के 74 हजार वोट अनधिकृत तरीके से अमान्य किए गए थे। उन्होंने EVM और चुनाव आयोग पर कांग्रेस के सवालों को लेकर पलटवार किया।
संविधान गौरव दिवस पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, शेखावत ने EVM तो CM मोहन यादव ने संविधान संशोधन पर उठाए सवाल
संविधान गौरव दिवस पर सियासी वार-पलटवार

भोपाल। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए 1954 के चुनाव का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि उस चुनाव में डॉ. भीमराव आंबेडकर को हराने के लिए उनके 74 हजार वोट अनधिकृत तरीके से अमान्य कर दिए गए थे। इसके बाद आंबेडकर को महज 16 हजार 800 वोटों से पराजित घोषित किया गया। शेखावत ने सवाल उठाया कि जो लोग खुद वोट चोरी करते रहे हैं, उन्हें आज EVM और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार कैसे मिल सकता है? वे गुरुवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में भाजपा की ओर से आयोजित संविधान गौरव दिवस की संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व हाईकोर्ट जज जस्टिस रोहित आर्य और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित भाजपा के मंत्री, विधायक, पदाधिकारी और प्रबुद्धजन मौजूद रहे। संगोष्ठी में वक्ताओं ने संविधान और डॉ. आंबेडकर के योगदान पर विचार रखे। साथ ही कांग्रेस पर राजनीतिक हमले भी किए।

X Post

शेखावत का आरोप- कांग्रेस ने जीवनकाल में भी आंबेडकर का किया अपमान

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने डॉ. आंबेडकर के जीवनकाल में भी उनका अपमान किया। उन्होंने कहा कि नेहरू मंत्रिमंडल में कानून मंत्री रहते हुए बाबा साहेब को महत्वपूर्ण समितियों में जगह नहीं दी गई। सरकार की नीतियों से व्यथित होकर उन्होंने 1951 में मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था। शेखावत ने यह भी आरोप लगाया कि आंबेडकर के निधन के बाद दिल्ली में उनके अंतिम संस्कार के लिए जमीन तक उपलब्ध नहीं कराई गई। इतना ही नहीं, 26 अलीपुर रोड स्थित उनके आवास को स्मारक बनाने की अनुमति भी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज चुनाव आयोग और EVM पर सवाल उठा रही है, जबकि उसे पहले अपने इतिहास पर जवाब देना चाहिए।

संविधान संशोधन और आपातकाल को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना

शेखावत ने संविधान के पहले संशोधन, आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन और अनुच्छेद 356 के कथित दुरुपयोग को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता की महत्वाकांक्षा में कांग्रेस ने संवैधानिक संस्थाओं के बीच शक्ति संतुलन को कमजोर किया। शाहबानो मामले में 1986 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदलने के कदम को भी उन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष के नेता संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने में लगे हैं। चुनाव आयोग संवैधानिक दायरे में रहकर निष्पक्ष चुनाव कराने का काम करता है, लेकिन अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी नहीं होने पर कांग्रेस उस पर सवाल उठाती है। शेखावत ने कहा कि विपक्ष को रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन वह अवरोध पक्ष बन गया है।

Breaking News

अनुच्छेद 370 हटाने को बताया बाबा साहेब की सोच को साकार करने वाला कदम

केंद्रीय मंत्री ने 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 के प्रावधान निष्प्रभावी किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से जम्मू-कश्मीर में सभी भारतीयों को समान अधिकार मिले। वहां की मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति मिली और अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को भी अपने अधिकार प्राप्त करने का अवसर मिला। उन्होंने इसे बाबा साहेब की एकता की दृष्टि को जमीन पर उतारने वाला कदम बताया।

सीएम बोले- भारत में संविधान और वोट की ताकत से बदलती है सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दुनिया के कई देशों में सत्ता परिवर्तन के लिए खून की नदियां बह जाती हैं, लेकिन भारत में संविधान और वोट की ताकत से सरकार बदलती है। यहां मतदाता हर पांच साल में सरकारों का मूल्यांकन करते हैं और नेताओं को अर्श से फर्श पर पहुंचाने की ताकत रखते हैं। सीएम ने कांग्रेस पर संविधान की मूल भावना से छेड़छाड़ करने और सत्ता के लिए उसका दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने 1951 के पहले संविधान संशोधन पर सवाल उठाते हुए पूछा कि संविधान लागू होने के एक साल बाद ही उसमें बदलाव करने की जरूरत क्यों पड़ी?

उज्जैन बनेगा चारों शंकराचार्यों का स्थायी केंद्र! CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, द्वारका पीठ के बाद अन्य मठों के लिए भी तैयारी

आपातकाल और शाहबानो मामले का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने आपातकाल के दौरान न्यायपालिका की ताकत कम करने और प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने की कोशिशों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शाहबानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदलना वोट बैंक की राजनीति का उदाहरण था। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में बने रहने के लिए संविधान की भावना के विपरीत कदम उठाए।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts