Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लश्कर कमांडर हाफिज अब्दुल रऊफ का भड़काऊ बयान :बोला- ‘दिल्ली को दुल्हन बनाएंगे’, भारत 50 साल तक हमला नहीं करेगा

लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर और हाफिज सईद के करीबी अब्दुल रऊफ का भारत विरोधी बयान सामने आया है। उसने दिल्ली को निशाना बनाते हुए भड़काऊ बातें कहीं और कश्मीर को लेकर भी उकसावे वाली भाषा का इस्तेमाल किया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बोला- ‘दिल्ली को दुल्हन बनाएंगे’, भारत 50 साल तक हमला नहीं करेगा
आर्मी की मौजूदगी में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मारे गए आतंकियों के लिए नमाज पढ़ता रऊफ।
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इस्लामाबाद। पाकिस्तान में मौजूद लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर हाफिज अब्दुल रउफ ने एक बार फिर जहर उगला है। हाफिज अब्दुल रऊफ का भारत विरोधी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रऊफ खुलेआम दिल्ली को लेकर धमकी देता नजर आ रहा है। इस बयान में उसने गजवा-ए-हिंद, शरिया कानून और भारत के खिलाफ जंग की बात कही है। यह वीडियो नवंबर का बताया जा रहा है, लेकिन अब यह सामने आया है।

    रऊफ बोला- दिल्ली को दुल्हन बनाएंगे...

    वीडियो में हाफिज अब्दुल रऊफ कहता है कि, मक्की साहब कहा करते थे कि एक दिन दिल्ली को दुल्हन बनाएंगे और यह होकर रहेगा। गजवा-ए-हिंद होकर रहेगा। रऊफ ने दावा किया कि, वह भारत की मौजूदा व्यवस्था को बदलकर वहां शरिया कानून लागू करेगा। उसने खुद को “जीती हुई कौम” बताते हुए भारत के खिलाफ खुलेआम नफरत फैलाने की कोशिश की।

    भारतीय सैन्य ताकत पर सवाल

    रऊफ ने भारत की सैन्य क्षमताओं को कमतर बताते हुए कहा कि, भारतीय वायुसेना पाकिस्तानी एयरस्पेस में घुसने की हिम्मत नहीं करेगी। उसने रफाल लड़ाकू विमान, एस-400 मिसाइल सिस्टम और ड्रोन को बेकार बताते हुए दावा किया कि, पाकिस्तान इस्लामी देशों में इकलौती परमाणु ताकत है। इतना ही नहीं, उसने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत अगले 50 साल तक पाकिस्तान पर हमला नहीं कर पाएगा।

    Breaking News

    कश्मीर की लड़ाई खत्म नहीं हुई

    वीडियो में रऊफ ने जम्मू-कश्मीर को लेकर भी भड़काऊ बयान दिया। उसने कहा कि, कश्मीर में आतंकवाद के खत्म होने की बातें गलत हैं और जो लोग ऐसा सोचते हैं, वे भ्रम में हैं। रऊफ का दावा है कि, कश्मीर की लड़ाई अब भी जारी है और आगे और तेज होगी।

    अमेरिका की प्रतिबंध सूची में है नाम

    हाफिज अब्दुल रऊफ, लश्कर सरगना हाफिज सईद का करीबी सहयोगी है। जिस ‘मक्की’ का रऊफ वीडियो में जिक्र कर रहा है, वह 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का साला अब्दुल रहमान मक्की था, जिसकी पिछले साल दिसंबर में मौत हो गई थी।

    अब्दुल रऊफ 1999 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ है और फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन का प्रमुख भी रह चुका है। अमेरिका ने उसे आतंकवादी गतिविधियों के चलते प्रतिबंधित कर रखा है।

    यह भी देखें: पाकिस्तानी बहू ने इंदौर हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटातए.. फर्जी दस्तावेज़ों पर भारत में छिपा बैठा पति

    पाकिस्तानी सेना ने बताया था ‘आम आदमी’

    भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जब पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक हुई, तब रऊफ मारे गए आतंकियों के जनाजे में पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ नजर आया था।

    इस पर सफाई देते हुए पाकिस्तानी सेना ने उसे ‘आम आदमी’ और मौलवी बताया था। यहां तक कि सेना के प्रवक्ता ने उसका आईडी नंबर और जन्मतिथि भी सार्वजनिक की थी। हालांकि, ये सभी जानकारियां अमेरिका की प्रतिबंधित आतंकियों की सूची में दर्ज हाफिज अब्दुल रऊफ से पूरी तरह मेल खाती हैं।

    पहले भी भारत को मिल चुकी हैं धमकियां

    यह पहला मौका नहीं है जब लश्कर के आतंकियों ने भारत को धमकाया हो। इससे पहले पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी भी भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धमकी दे चुका है। कसूरी ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसीम मुनीर से पीएम मोदी को “सबक सिखाने” की बात कही थी।

    कसूरी हिंदुओं के खिलाफ भी खुलेआम जहर उगल चुका है और भारत से हिंदुओं के सफाए की धमकी दे चुका है।

    ऑपरेशन सिंदूर... भारत का सख्त जवाब

    पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में एयर स्ट्राइक की थी। इस कार्रवाई में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया और 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई।

    हमले में जैश-ए-मोहम्मद चीफ मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्य और उसके 4 करीबी सहयोगी भी मारे गए थे। भारत ने इस ऑपरेशन में कुल 24 मिसाइलें दागीं।

    यह भी देखें: पीएम मोदी बोले- ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को घुटनों पर लाया, जैश कमांडर ने खुद किया कबूल

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts