MP News :एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म, सहायक पशु चिकित्सक की रास्ते में हुई मौत

जिला अस्पताल डिंडौरी से जबलपुर रेफर किए गए एक सहायक पशु चिकित्सक की रास्ते में ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मौत हुई है।
एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म, सहायक पशु चिकित्सक की रास्ते में हुई मौत
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    डिंडौरी। जिला अस्पताल से जबलपुर रेफर किए गए एक सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी की गुरुवार को रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म हो जाने के कारण उनकी जान गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल के सामने सड़क पर बैठकर हंगामा और धरना प्रदर्शन किया। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

    अल्सर की शिकायत पर किया था भर्ती

    प्राप्त जानकारी के अनुसार रविंद्र कुमार मरावी सिविल लाइन वार्ड क्रमांक 5, डिंडौरी के निवासी थे। वे अमरपुर विकासखंड के धनवासी गांव स्थित पशु औषधालय में पदस्थ थे। बुधवार शाम अल्सर की शिकायत पर उन्हें जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। गुरुवार सुबह करीब 6.30 बजे डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। 

    एंबुलेंस में नहीं था कोई अटेंडर

    परिजन लाल कृष्ण मार्को ने बताया कि मरीज रविंद्र कुमार को जननी एक्सप्रेस वाहन से भेजा गया और ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए ढाई हजार रुपए भी जमा कराए गए थे। आरोप है कि कुंडम से लगभग दस किलोमीटर पहले ही ऑक्सीजन खत्म हो गई और एंबुलेंस में कोई अटेंडर मौजूद नहीं था। मरीज की मौत के बाद शव वापस जिला अस्पताल लाया गया, जहां परिजनों ने लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहसीलदार आरपी मार्को और निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

    पीएम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी 

    अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया गया था। मौत का वास्तविक कारण जांच और पीएम रिपोर्ट के आने के बाद ही पता चल पाएगा। इस मामले में यदि परिजनों को कोई  शंका है, तो वे बाहर से डॉक्टर बुलाकर पोस्टमॉर्टम करा सकते हैं। इस मामले में रिपोर्ट आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    योगेंद्र उईके, सहायक प्रबंधक, जिला अस्पताल, डिंडौरी

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts