Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

G7 में आज मोदी-ट्रंप की बड़ी मुलाकात,टैरिफ विवाद से लेकर पश्चिम एशिया संकट तक कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

फ्रांस में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अहम बैठक होगी। दोनों नेता व्यापार समझौते, ऊर्जा सुरक्षा, होर्मुज स्ट्रेट और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा कर सकते हैं। ऑपरेशन सिंदूर और टैरिफ विवाद के बाद यह पहली आमने-सामने की मुलाकात है।
टैरिफ विवाद से लेकर पश्चिम एशिया संकट तक कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। फ्रांस के एवियन में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन के बीच बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच होने वाली द्विपक्षीय बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। पिछले कुछ महीनों में भारत और अमेरिका के रिश्तों में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की यह मुलाकात सिर्फ औपचारिक नहीं बल्कि रणनीतिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऑपरेशन सिंदूर, भारत पर लगाए गए अमेरिकी टैरिफ और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव जैसे मुद्दों के बीच यह पहली बार होगा जब नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप आमने-सामने बैठकर बातचीत करेंगे।

G7 मंच से मोदी ने उठाया भरोसे और समुद्री सुरक्षा का मुद्दा

G7 सम्मेलन के आउटरीच सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सामने खड़े सबसे बड़े संकटों में से एक ‘भरोसे की कमी’ को बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया संसाधनों की कमी से नहीं, बल्कि भरोसे के संकट से जूझ रही है। प्रधानमंत्री ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार को आगे बढ़ाने में समुद्री नाविकों की अहम भूमिका होती है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की साझा जिम्मेदारी है। हाल में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समुद्र में काम करने वाले लोगों को बिना डर के अपना काम करने का अवसर मिलना चाहिए।

मोदी-ट्रंप बैठक में क्या रखेंगे मुख्य मुद्दे?

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की बातचीत का सबसे बड़ा केंद्र पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति होगी। ईरान, इजरायल और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता का असर वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। ऐसे में दोनों नेता होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात पर विचार-विमर्श कर सकते हैं। इसके अलावा ऊर्जा सुरक्षा भी बैठक का प्रमुख विषय होगी। पिछले एक साल के दौरान अमेरिका से भारत के ऊर्जा आयात में करीब 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए अमेरिका के साथ दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करना चाहता है।

Breaking News

व्यापार समझौते पर भी बन सकती है सहमति

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर भी बातचीत आगे बढ़ सकती है। दोनों देशों के अधिकारियों के बीच लंबे समय से इस पर चर्चा चल रही है और ज्यादातर तकनीकी मुद्दों पर सहमति बनने की खबर है। जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित समझौता करीब 11 हजार टैरिफ लाइनों को कवर करेगा। ऐसे में मोदी और ट्रंप की मुलाकात इस दिशा में निर्णायक साबित हो सकती है।

टैरिफ विवाद और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली मुलाकात

यह बैठक इसलिए भी खास है क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर और भारत पर लगाए गए भारी अमेरिकी टैरिफ के बाद दोनों देशों के संबंधों में कुछ तनाव देखने को मिला था। हालांकि इस दौरान दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत होती रही और फरवरी में एक अंतरिम व्यापार ढांचे पर भी सहमति बनी थी।अब आमने-सामने की यह मुलाकात उन सभी मुद्दों पर स्पष्टता ला सकती है, जिनकी वजह से हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच मतभेद की चर्चा रही है।

ये भी पढ़ें: PM मोदी 16 महीने बाद ट्रंप से मिले : G7 समिट में 5 मिनट चर्चा की, देखे तस्वीरें

G7 में होगा व्यस्त प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम

मोदी का दिन G7 सम्मेलन में कई अहम बैठकों से भरा रहेगा। वह आर्थिक विकास पर आयोजित विशेष सत्र में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ त्रिपक्षीय बैठक भी करेंगे। जर्मनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग पर आयोजित विशेष सत्र में भी प्रधानमंत्री शामिल होंगे। हालांकि दिन का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली बैठक को माना जा रहा है, जिसके नतीजों पर दुनिया भर की निगाहें लगी हुई हैं।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts