फ्लाईदुबई फ्लाइट में आखिर क्या हुआ था? ट्रंप के बयान ने खोल दिया राज..!

वॉशिंगटन। फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुए हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान से मामला फिर चर्चा में आ गया है। व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या वह इस घटना के लिए ईरान को जिम्मेदार मानते हैं, तो ट्रंप ने हां में जवाब दिया। उन्होंने साफ किया कि यह उनका निजी आकलन है। यह घटना 30 सितंबर को फ्लाइट FZ1073 में हुई थी। दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान के कॉकपिट में सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित हमला किया था। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक में आपात स्थिति में उतारा गया।
फ्लाइट के कॉकपिट में अचानक हुआ हमला
फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भर रही थी। इसी दौरान कॉकपिट के अंदर ओमानी सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित तौर पर हमला कर दिया। रिपोर्टों के अनुसार, हमले के बाद विमान का नियंत्रण खतरे में पड़ गया और स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी।
घायल होने के बाद भी कैप्टन ने नहीं छोड़ी हिम्मत
हमले में कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इससे यात्री और ड्यूटी से बाहर मौजूद एक अन्य क्रू सदस्य अंदर पहुंच सके। इसके बाद हमलावर को काबू करने की कोशिश की गई। कैप्टन की इस कार्रवाई से विमान में मौजूद लोगों को सुरक्षित बचाने में मदद मिली।
कुछ ही मिनटों में तेजी से नीचे आया विमान
हमले के दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा। करीब दो मिनट के भीतर इसकी ऊंचाई लगभग 16 हजार फीट कम हो गई। हालात को देखते हुए विमान से हाइजैकिंग से जुड़ा इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया। इसके बाद फ्लाइट का रुख बदला गया और सऊदी अरब के ताबुक में विमान की आपात लैंडिंग कराई गई।
180 यात्रियों की बची जान
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान में मौजूद सभी 180 लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। इस घटना ने विमान में कॉकपिट की सुरक्षा और उड़ान के दौरान किसी अंदरूनी खतरे से निपटने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
हमलावर की साजिश पर दावा
इजरायली मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि हमाम अल-हमामी की कथित योजना विमान को बेन गुरियन एयरपोर्ट की ओर ले जाने की थी। रिपोर्टों के मुताबिक, वह विमान को एयरपोर्ट की किसी सुविधा या वहां खड़े विमान से टकराने की योजना बना रहा था। बताया गया है कि हमामी को UAE में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ट्रंप ने ईरान पर जताया शक
व्हाइट हाउस के बाहर ट्रंप से जब इस हमले में ईरान की भूमिका को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से ईरान को जिम्मेदार मानते हैं। हालांकि, ट्रंप का यह बयान किसी अंतिम जांच रिपोर्ट या आधिकारिक निष्कर्ष के तौर पर सामने नहीं आया है। इसलिए फिलहाल इसे अमेरिकी राष्ट्रपति की निजी राय के रूप में ही देखा जा रहा है।
लंदन-शिकागो फ्लाइट 28 हजार फीट नीचे आई, पायलट ने भेजा 7700 अलर्ट; विमान वापस लंदन लौटा
स्मित मच्छार को बताया गया दुनिया का हीरो
हमले के बाद कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की काफी चर्चा हुई। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनसे बातचीत के दौरान उन्हें इजरायल, भारत और दुनिया का हीरो बताया। बाद में स्मित और उनके परिवार को मई 2027 में होने वाले इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिए जाने की जानकारी भी सामने आई।




















