Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

यूक्रेन को 60 पैट्रियट मिसाइलों के लिए करना होगा इंतजार, पेंटागन ने रोकी मंजूरी; रूस के हमलों से बढ़ी चिंता

रूस के बढ़ते मिसाइल हमलों के बीच यूक्रेन को अमेरिका से मिलने वाली करीब 60 पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की मंजूरी अटक गई है। जेलेंस्की ने 300 मिसाइलों की मांग की थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक स्टॉक में कमी का हवाला देकर अनुरोध ठुकरा दिया।
यूक्रेन को 60 पैट्रियट मिसाइलों के लिए करना होगा इंतजार, पेंटागन ने रोकी मंजूरी; रूस के हमलों से बढ़ी चिंता
पैट्रियट मिसाइल

कीव। रूस के मिसाइल हमलों से बचाव के लिए यूक्रेन को जिन पैट्रियट मिसाइलों की जरूरत है, उनकी आपूर्ति में देरी हो रही है। पेंटागन ने कीव के लिए पहले से निर्धारित करीब 60 इंटरसेप्टर मिसाइलों की मंजूरी रोक रखी है। खास बात यह है कि यूक्रेन के पश्चिमी (यूरोपीय देश) सहयोगी इन मिसाइलों का भुगतान भी कर चुके हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेन को अमेरिका से हर महीने औसतन केवल 12 पैट्रियट इंटरसेप्टर मिलते हैं, जबकि रूस इसी अवधि में लगभग 150 बैलिस्टिक मिसाइलें दागता है। यह देरी ऐसे वक्त पर हुई है, जब रूस सर्दियों से पहले यूक्रेन के शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले तेज कर रहा है। इससे बैलिस्टिक मिसाइलों के खिलाफ यूक्रेन की रक्षा क्षमता को लेकर चिंता बढ़ गई है।

300 मिसाइलों की मांग, लेकिन नहीं मिला पूरा समर्थन

जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सर्दियों के लिए 300 पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का विशेष पैकेज देने की मांग की थी। हालांकि, ट्रंप ने दुनिया भर में मिसाइलों के सीमित भंडार का हवाला देते हुए इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। यूक्रेन के लिए बची हुई करीब 60 इंटरसेप्टर मिसाइलें उसकी एयर डिफेंस प्रणाली को कुछ राहत दे सकती हैं। हालांकि, इनकी आपूर्ति कब होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

PAC-3 और PAC-2 इंटरसेप्टर की सप्लाई अटकी

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जिन 60 मिसाइलों की मंजूरी रोकी गई है, उनमें 40 आधुनिक PAC-3 इंटरसेप्टर और लगभग 20 पुराने PAC-2 इंटरसेप्टर शामिल हैं। इनकी आपूर्ति के लिए अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ की मंजूरी जरूरी है। रिपोर्ट के अनुसार, 40 PAC-3 मिसाइलों की चार खेप सितंबर से दिसंबर के बीच यूक्रेन पहुंचनी थीं, लेकिन अभी तक किसी भी खेप को मंजूरी नहीं मिली है। इसके अलावा यूक्रेन के लिए निर्धारित करीब 20 PAC-2 मिसाइलों का मामला भी लंबित है।

 यह भी पढ़ें: यूक्रेन के नाटो में शामिल होने को लेकर शुरू हुई थी जंग, अब साढ़े 4 साल बाद कुछ शर्तों के साथ अमेरिका ने उसी में शामिल होने का रखा प्रस्ताव

PAC-3 और PAC-2 में क्या है अंतर?

दोनों तरह की मिसाइलें पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम का हिस्सा हैं, लेकिन इनके काम करने का तरीका अलग-अलग है। इन दोनों में PAC-3 यूक्रेन को बैलिस्टिक मिसाइलों के खिलाफ सबसे महत्वपूर्ण रक्षा क्षमता प्रदान करता है।

  • PAC-3: आधुनिक PAC-3 इंटरसेप्टर हिट-टू-किल तकनीक पर काम करते हैं। ये दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइल से सीधे टकराकर उसे नष्ट कर देते हैं। रूस के बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से बचाव में इनकी भूमिका बेहद अहम है।
  • PAC-2: पुराने PAC-2 इंटरसेप्टर में फ्रैगमेंटेशन वॉरहेड का इस्तेमाल होता है। यह लक्ष्य के नजदीक पहुंचकर विस्फोट करता है और अपने टुकड़ों के जरिए उसे नष्ट करने की कोशिश करता है।

पैट्रियट मिसाइलों के लिए अमेरिकी मंजूरी क्यों जरूरी

इन मिसाइलों का डिजाइन और निर्माण अमेरिका में होता है। इसलिए इनके निर्यात या दोबारा निर्यात के लिए वॉशिंगटन की अनुमति अनिवार्य है। इसमें यूरोपीय देशों के पास मौजूद मिसाइलों को यूक्रेन भेजने की प्रक्रिया भी शामिल है। ऐसे में मंजूरी में हो रही देरी यूक्रेन के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है। रूस के लगातार मिसाइल हमलों के बीच कीव पहले से ही इंटरसेप्टर मिसाइलों की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहा है।

यह भी पढ़ें: यूक्रेन में अब भी लागू हैं Starlink पर पाबंदियां, जेलेंस्की ने कहा - ड्रोन ऑपरेशन में आ रही है दिक्कत

पहले स्टारलिंक की स्पीड पर भी लगाई गई थी सीमा

अक्टूबर 2026 में स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क ने यूक्रेन में स्टारलिंक और उसके सैन्य संस्करण स्टारशील्ड की गति सीमित किए जाने की पुष्टि की थी। इस फैसले से यूक्रेनी सेना के ड्रोन संचालन और अग्रिम मोर्चे पर संचार प्रभावित हुआ था। हालांकि, बाद में सेवाएं बहाल कर दी गईं।

स्पीड और कनेक्शन पर असर: रिपोर्टों के मुताबिक, लगभग 160 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चलने वाले उपकरणों और ड्रोनों का कनेक्शन धीमा या बाधित होने लगा था। इससे यूक्रेन के कई ड्रोन अभियानों पर असर पड़ा।

राजनीतिक और कूटनीतिक विवाद: यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और अन्य अधिकारियों ने इस पाबंदी को लेकर चिंता जताई थी। मीडिया रिपोर्टों में रूसी रिफाइनरियों पर यूक्रेन के हमलों को लेकर मस्क और अमेरिकी प्रशासन की नाराजगी को भी इस फैसले से जोड़ा गया।

जवाबदेही को लेकर मतभेद: मस्क का कहना था कि स्पीड और इस्तेमाल से जुड़ी सीमाएं अमेरिकी सेना या राष्ट्रपति से संबंधित होती हैं। वहीं, अमेरिकी प्रशासन के कुछ अधिकारियों और बयानों में इस मामले पर अलग-अलग दावे सामने आए थे।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts