चीन में जासूसी करने वाले अधिकारी को मौत की सजा, 35 गोपनीय जानकारियां दूसरे देश को बेचीं

बीजिंग। चीन में देश की जरूरी जानकारियां दूसरे देश को देने का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक अधिकारी को जासूसी करने और गोपनीय बातें बाहर पहुंचाने के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई है। चीन के सरकारी प्रकाशन गोल्ड वॉल प्रेस ने सोमवार को इस मामले की जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी का उपनाम मा बताया गया है। उसने विदेश में नौकरी के दौरान एक विदेशी खुफिया एजेंसी के संपर्क में आने के बाद उसके लिए काम करना शुरू कर दिया था। आरोप है कि उसने पैसों के बदले देश से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां साझा की थीं।
विदेशी एजेंसी ने अधिकारी को कैसे फंसाया?
गोल्ड वॉल प्रेस के मुताबिक, मा जब विदेश में काम कर रहा था, तभी एक विदेशी खुफिया एजेंसी के लोगों ने उससे संपर्क किया। काइलिन नाम के एक एजेंट ने उससे दोस्ती बढ़ाई। उसने चीनी भाषा सीखने में दिलचस्पी दिखाकर मा से बार-बार मिलने की योजना बनाई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और एजेंट ने मा को अपने लिए काम करने के लिए तैयार कर लिया। इसके बाद मा ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसमें जानकारी गुप्त रखने और एजेंसी के प्रति वफादार रहने जैसी शर्तें थीं। बदले में उसे हर महीने पैसे दिए जाने लगे।
अमेरिका पर मंडरा रहा मंदी का खतरा! शेयर बाजार में गिरावट और लोगों की घटती कमाई ने बढ़ाई चिंता
35 गोपनीय जानकारियां कीं साझा, मिले 10 लाख युआन
चीन के सरकारी प्रकाशन के अनुसार, मा ने देश से जुड़ी कुल 35 गोपनीय जानकारियां विदेशी एजेंसी को दी थीं। इन जानकारियों के बदले उसे 10 लाख युआन से ज्यादा रकम मिली। यह राशि करीब 1.5 लाख अमेरिकी डॉलर बताई गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि बाद में काइलिन ने मा की मुलाकात अपने एक साथी से कराई। इस साथी ने उसे धमकी दी कि अगर उसने एजेंसी का साथ छोड़ने की कोशिश की तो पहले दी गई जानकारियों के बारे में चीनी अधिकारियों को बता दिया जाएगा। इस तरह मा पर दबाव भी बनाया गया।
चीन ने नहीं बताया किस देश के लिए कर रहा था जासूसी
इस पूरे मामले में चीन ने कई जरूरी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं। अभी यह नहीं बताया गया है कि मा किस देश की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रहा था। उसे किस तारीख और किस जगह मौत की सजा सुनाई गई, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। इसके अलावा यह भी साफ नहीं है कि सजा पर अमल हो चुका है या नहीं। चीन की अदालतें आमतौर पर देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं करती हैं।
जासूसी को लेकर लोगों को सावधान कर रहा चीन
चीन पिछले कुछ समय से लोगों को जासूसी के खतरों के बारे में जागरूक कर रहा है। इसके लिए सरकारी विभाग सोशल मीडिया, फिल्मों और कॉमिक्स का भी सहारा ले रहे हैं। सरकार का कहना है कि विदेशी एजेंसियां लोगों को अपने साथ जोड़ने के लिए पैसों, दोस्ती और धमकी का इस्तेमाल कर सकती हैं। गोल्ड वॉल प्रेस ने भी इस मामले के जरिए अधिकारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उसने कहा कि देश की जरूरी जानकारियों को सुरक्षित रखना हर अधिकारी की जिम्मेदारी है।




















