11 दिन में CEO पद पर लौटे जेन्सेन हुआंग, Steve Jobs से Sam Altman तक जानिए उन 5 दिग्गजों की कहानी जिन्होंने की वापसी

नई दिल्ली। एनवीडिया (Nvidia) के संस्थापक और CEO जेन्सेन हुआंग एक बार फिर कंपनी के शीर्ष पद पर लौट आए हैं। इस्तीफे के महज 11 दिनों के भीतर हुई उनकी वापसी को किसी हाई-प्रोफाइल CEO की सबसे तेज वापसी के उदाहरणों में गिना जा रहा है। हुआंग ने 12 नवंबर को पद छोड़ा था। इसके बाद सोमवार को कंपनी के बोर्ड ने उनसे बातचीत की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के बीच सर्वसम्मति से उनकी दोबारा नियुक्ति को मंजूरी दे दी। जेन्सेन हुआंग की वापसी ने एक बार फिर कॉर्पोरेट जगत में संस्थापक और पुराने नेतृत्व की अहमियत को सामने ला दिया है।
फाउंडर CEO की वापसी कॉर्पोरेट जगत में नई बात नहीं
दरअसल, पुराने संस्थापक के पास कंपनी के कामकाज की गहरी जानकारी, कर्मचारियों और निवेशकों के साथ मजबूत रिश्ते और नेतृत्व का अनुभव होता है। इन खूबियों के कारण बोर्ड को किसी नए CEO की तुलना में पुराने नेतृत्व पर भरोसा करना अधिक सुरक्षित लगता है। किसी संस्थापक या पूर्व CEO का दोबारा कंपनी की कमान संभालना कॉर्पोरेट दुनिया में पहले भी देखने को मिला है। जब बोर्ड और निवेशकों को लगा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनके बिना कारोबार संभालना मुश्किल हो सकता है तो कई कंपनियों ने ऐसे समय में अपने पुराने नेतृत्व को वापस बुलाया है। कई बार उत्तराधिकारी के उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने पर पुराने CEO की वापसी हुई। कुछ मामलों में बोर्ड को बाहरी दबाव के कारण अपना फैसला बदलना पड़ा।
कॉर्पोरेट इतिहास में ऐसे पांच प्रमुख उदाहरण सामने आए हैं।
1. स्टीव जॉब्स: Apple में ऐतिहासिक वापसी

स्टीव जॉब्स की वापसी अमेरिकी कॉर्पोरेट इतिहास की सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल है। 1985 में तत्कालीन CEO जॉन स्कली के साथ नेतृत्व को लेकर हुए विवाद के बाद स्टीव जॉब्स को Apple से बाहर होना पड़ा था। करीब 11 साल बाद 1996 में उनकी वापसी हुई। दरअसल, Apple ने NeXT कंपनी का अधिग्रहण किया था जिसकी स्थापना खुद जॉब्स ने की थी। इसके बाद 1997 में उन्हें कंपनी का अंतरिम CEO बनाया गया। साल 2000 में उन्होंने स्थायी CEO की जिम्मेदारी संभाली।
2. सैम ऑल्टमैन: OpenAI ने एक हफ्ते से कम समय में बदला फैसला

बोर्ड का आरोप था कि ऑल्टमैन उसके साथ बातचीत में पूरी पारदर्शिता नहीं बरत रहे थे। इसको लेकर साल 2023 में OpenAI के बोर्ड ने अचानक सैम ऑल्टमैन को CEO पद से हटा दिया था। इस फैसले के बाद कंपनी के कर्मचारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। 700 से अधिक कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर ऑल्टमैन को वापस नहीं लाया गया, तो वे कंपनी छोड़कर Microsoft में शामिल हो जाएंगे। कर्मचारियों के इस दबाव के बाद एक हफ्ते से भी कम समय में OpenAI ने ऑल्टमैन की वापसी और नए बोर्ड के गठन को लेकर समझौते की घोषणा कर दी।
3. जैक डॉर्सी: Twitter में दोबारा CEO बने

अक्टूबर 2008 में प्रबंधन से जुड़ी चिंताओं के चलते जैक डॉर्सी को Twitter के CEO पद से हटा दिया गया था। हालांकि, उन्होंने बोर्ड चेयरमैन के रूप में अपनी भूमिका जारी रखी। साल 2015 में डॉर्सी ने एक बार फिर Twitter के CEO की जिम्मेदारी संभाली। उस समय वह पेमेंट कंपनी Square का संचालन भी कर रहे थे। उनकी वापसी इस बात का उदाहरण बनी कि किसी संस्थापक को पहले पद से हटाए जाने के बावजूद कंपनी से उसका जुड़ाव बना रह सकता है और परिस्थितियां बदलने पर उसे दोबारा नेतृत्व सौंपा जा सकता है।
4. बॉब आइगर: Disney ने फिर सौंपी CEO की जिम्मेदारी

बॉब आइगर ने करीब 15 साल तक Disney के CEO के रूप में काम किया। साल 2020 में उन्होंने यह पद छोड़ दिया और अपनी जगह चुने गए उत्तराधिकारी बॉब चैपेक को जिम्मेदारी सौंप दी। हालांकि, 2022 में Disney के बोर्ड ने चैपेक को अचानक पद से हटा दिया और आइगर को दोबारा CEO बना दिया। बोर्ड का मानना था कि मनोरंजन उद्योग में बड़े बदलावों के बीच कंपनी को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। यह फैसला इसलिए भी खास था, क्योंकि उत्तराधिकार की जो योजना बनाई गई थी, वह खुद आइगर की तैयार की हुई थी। इसके बावजूद बोर्ड ने पुराने CEO पर फिर भरोसा जताया।
5. हॉवर्ड शुल्त्स: Starbucks में बार-बार की वापसी

Starbucks के पूर्व CEO हॉवर्ड शुल्त्स भी उन कारोबारियों में शामिल हैं, जिन्होंने कई बार कंपनी की शीर्ष जिम्मेदारी संभाली। साल 2000 में उन्होंने CEO पद छोड़ दिया, लेकिन बोर्ड चेयरमैन बने रहे। इसके बाद 2008 में जब कंपनी की बिक्री में गिरावट आने लगी, तो शुल्त्स ने फिर से CEO का पद संभाल लिया। वह 2017 तक इस जिम्मेदारी पर बने रहे। इसके बाद 2022 में उन्होंने एक बार फिर अंतरिम CEO के तौर पर कंपनी का नेतृत्व किया। इस तरह शुल्त्स उन संस्थापकों का प्रमुख उदाहरण बन गए, जिन्होंने अलग-अलग परिस्थितियों में बार-बार अपनी कंपनी की कमान संभाली।




















