मुख्यमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री से बातचीत के एक दिन पहले पुलिस ने धरना दे रहे गन्ना किसानों को उठाया, बिना अनुमति धरना देना का आरोप

भोपाल। गन्ने की कीमत बढ़ाने की मांग को लेकर राजधानी में किसानों का आंदोलन मंगलवार शाम प्रशासनिक कार्रवाई के बाद खत्म करा दिया गया। होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर धरना दे रहे करीब 80 किसानों को पुलिस ने दो बसों में बैठाकर कजलीखेड़ा थाने पहुंचाया। किसान गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने के साथ 50 रुपए बोनस देने की मांग कर रहे थे।
मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने पर अड़े थे किसान
किसान गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन स्थल पर डटे हुए थे। उनका कहना था कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें जबरन हटाने की कार्रवाई की। किसानों का दावा था कि होशंगाबाद सहित अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंच रहे थे।
कृषि सचिव से मुलाकात के बाद सरकार से बातचीत की उम्मीद
प्रदर्शन के दौरान किसानों के प्रतिनिधियों ने कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद किसानों ने बताया था कि बुधवार को कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच गन्ने की कीमत बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा प्रस्तावित है। इस बातचीत से मांगों के समाधान की उम्मीद जताई जा रही थी। किसानों का कहना है कि सरकार को गन्ना उत्पादकों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए।
सार्वजनिक सड़क पर प्रदर्शन से परेशानी का हवाला
एडीएम के अनुसार किसानों का धरना सार्वजनिक सड़क और सर्विस रोड पर चल रहा था। इस मार्ग के आसपास विश्वविद्यालय, एम्स सहित कई अस्पताल स्थित हैं। धरने के कारण आम नागरिकों और मरीजों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। प्रदर्शनकारियों के पास धरना देने की आधिकारिक अनुमति भी नहीं थी।
ये भी पढ़ें: गन्ने का दाम 600 रुपए करने की मांग लेकर भोपाल पहुंचे 200 किसान, CM हाउस जाने से पुलिस ने रोका; प्रदर्शन जारी
तय धरना स्थल पर प्रदर्शन का दिया विकल्प
प्रशासनिक अधिकारी के मुताबिक प्रदर्शन कर रहे किसानों को शहर में चिन्हित धरना स्थलों की जानकारी दी गई थी। उन्हें समझाया गया था कि वे विधिवत आवेदन देकर अनुमति प्राप्त करें और निर्धारित स्थान पर अपना आंदोलन जारी रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग पर बिना अनुमति धरना देने की इजाजत नहीं दी जा सकती। किसानों को वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी देने के बावजूद प्रदर्शन जारी रहने पर पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने की कार्रवाई की।
किसान संगठन ने आश्वासन देने के बाद गिरफ्तारी का लगाया आरोप
राष्ट्रवादी किसान आर्मी के मुताबिक किसान शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे थे। संगठन ने आरोप लगाया कि मुख्य सचिव निशांत वरवड़े और उमाशंकर भार्गव ने किसानों को दो दिन का समय देने की बात कही थी। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि दो दिन बाद आकर अपनी मांगें रख सकते हैं। संगठन का दावा है कि इस भरोसे के बावजूद पुलिस ने मंगलवार शाम सभी किसानों को बलपूर्वक गिरफ्तार कर लिया। संगठन ने कार्रवाई को अनुचित बताते हुए कहा कि सभी किसानों ने गिरफ्तारी दी है।
ये भी पढ़ें: पिपरिया मंडी में धान की तौल में गड़बड़ी का आरोप, किसानों का हंगामा




















