Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ईरान में गायिका परस्तू अहमदी और टीम को 74-74 कोड़े मारने की सजा, 2 साल तक संगीत गतिविधियों पर प्रतिबंध

परस्तू अहमदी और उनकी प्रोडक्शन टीम के चार सदस्यों को ऑनलाइन अश्लील और अनैतिक सामग्री प्रकाशित करने के आरोप में 74-74 कोड़े मारने की सजा दी गई है। इसके साथ ही उन पर दो साल का प्रतिबंध भी लगाया गया है।
ईरान में गायिका परस्तू अहमदी और टीम को 74-74 कोड़े मारने की सजा, 2 साल तक संगीत गतिविधियों पर प्रतिबंध
गायिका परस्तू अहमदी।

तेहरान। ईरान की गायिका परस्तू अहमदी और उनकी प्रोडक्शन टीम के चार सदस्यों को ऑनलाइन अश्लील और अनैतिक सामग्री तैयार कर प्रकाशित करने के आरोप में सजा सुनाई गई है। इस मामले में सभी पांच लोगों को 74-74 कोड़े मारे गए हैं। ईरान की एक समाचार वेबसाइट ने यह जानकारी दी। वेबसाइट 'एमतेदाद' (Emtedad) ने वकील मुस्तफा नीली के हवाले से बताया कि परस्तू अहमदी और उनके साथियों पर दो साल तक कलात्मक और संगीत संबंधी गतिविधियों में भाग लेने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा उन्हें दो साल तक यात्रा करने की भी अनुमति नहीं होगी। इस मामले में रॉयटर्स की ओर से टिप्पणी मांगने पर ईरानी अधिकारियों ने तत्काल कोई जवाब नहीं दिया। पश्चिमी देशों की सरकारों और मानवाधिकार संगठनों ने कोड़े मारने की सजा पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे यातना और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। 

दिसंबर 2024 के YouTube वीडियो से शुरू हुआ विवाद

नॉर्वे स्थित मानवाधिकार संगठन 'हेंगा' (Hengaw) के अनुसार, इस मामले की शुरुआत दिसंबर 2024 में YouTube पर अपलोड किए गए एक वीडियो से हुई थी। वीडियो में परस्तू अहमदी को राजधानी तेहरान के दक्षिण में स्थित कोम (Qom) शहर में पुरुष संगीतकारों के साथ प्रस्तुति देते हुए देखा गया था। इस दौरान उन्होंने अनिवार्य हिजाब नहीं पहना था। इधर, ईरान ने अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया है। ईरान का कहना है कि पश्चिमी देशों को दूसरों पर सवाल उठाने के बजाय अपने यहां मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

 ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक रूप से गाने पर पाबंदी

ईरान में महिलाओं की आजादी पर कई सामाजिक और कानूनी बंदिशें लागू हैं। सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना अनिवार्य है। इसके अलावा महिलाएं अकेले सार्वजनिक रूप से गाना भी नहीं गा सकतीं। उनके कपड़ों और पहनावे को लेकर भी कड़े नियम बनाए गए हैं। गायिका परस्तू अहमदी पहले भी इन प्रतिबंधों के खिलाफ आवाज उठा चुकी हैं। साल 2022 में हिजाब विरोधी प्रदर्शनों के दौरान वह सुर्खियों में आई थीं। उन पर इन प्रदर्शनों के समर्थन में गाना गाने का आरोप लगा था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की थी और उनके घर की तलाशी भी ली थी।

हिजाब नियमों को लेकर 2022 में हुआ था बड़ा विरोध

ईरान में महिलाओं के लिए हिजाब पहनना अनिवार्य करने वाले नियम वर्ष 2022 में बड़े विरोध प्रदर्शनों का प्रमुख मुद्दा बने थे। ये प्रदर्शन कुर्द-ईरानी महिला महसा अमीनी की हिरासत में मौत के बाद शुरू हुए थे। उन्हें ड्रेस कोड का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद तेहरान सहित कई अन्य इलाकों में महिलाओं की ओर से हिजाब संबंधी नियमों का उल्लंघन लगातार बढ़ा है। वहीं, इन नियमों को लागू करने का तरीका भी अब पहले की तुलना में अधिक चयनात्मक हो गया है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts