जेन्सेन हुआंग के और भी अफेयर थे, जिनकी जानकारी उन्होंने बोर्ड को दी,वापसी से पहले पूछे गए थे निजी संबंधों पर सवाल

वॉशिंगटन। एनवीडिया (Nvidia) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने जेन्सेन हुआंग को दोबारा CEO बनाने पर फैसला लेने से पहले उनके निजी संबंधों के बारे में सवाल किए थे। इस संबंध में जारी 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' (WSJ) की रिपोर्ट के अनुसार रिपोर्ट में बताया गया है कि बोर्ड ने हुआंग से उनके अन्य अफेयर्स के संबंध में जानकारी मांगी थी। जवाब में उन्होंने उन दो मामलों के अलावा कुछ और संबंधों का भी जिक्र किया, जिनकी चर्चा पहले से हो रही थी।
मुझसे बड़ी गलतियां हुई हैं, कर्मचारियों से हुआंग ने मांगी माफी
जब जेन्सेन हुआंग एनवीडिया के कार्यालय पहुंचे, तो कर्मचारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कर्मचारी सीढ़ियों और बालकनियों पर जमा हो गए और 'वी लव यू, जेन्सेन!' के नारे लगाने लगे। WSJ की रिपोर्ट के मुताबिक, नीले रंग की जिप-अप जैकेट पहने हुआंग ने मजाकिया अंदाज में कहा कि काम पर उनका यह पहला दिन है और उनके पास कोई कंप्यूटर भी नहीं है। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित किया और पूरे विवाद के कारण उन्हें हुई परेशानी के लिए माफी मांगी। एक वीडियो में हुआंग ने कहा- आप सभी को इस सब से गुजरना पड़ा, इसके लिए मैं दिल से माफी मांगता हूं। मुझसे कुछ बहुत बड़ी गलतियां हुई हैं और अब मैं खुद में सुधार करके वापसी करने की कोशिश करूंगा। कर्मचारियों के समर्थन के लिए आभार जताते हुए उन्होंने कहा- इस दूसरे मौके के लिए आप सभी का शुक्रिया। इस बार मैं एक बेहतर CEO बनकर दिखाऊंगा।
कर्मचारियों ने इमोजी के जरिए जताई खुशी
रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को हार्वे जोन्स ने कर्मचारियों को ईमेल भेजकर जेन्सेन हुआंग की वापसी की जानकारी दी थी। इसके बाद कर्मचारियों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कर्मचारियों ने हार्ट, थम्स-अप, हैरानी, हंसी और जश्न से जुड़े इमोजी के जरिए अपनी खुशी और प्रतिक्रिया जाहिर की।
लंबी बोर्ड मीटिंग में हुआंग ने जताया पछतावा
बोर्ड की लंबी बैठक ( रविवार दोपहर) में जेन्सेन हुआंग ने अपने व्यवहार को लेकर पछतावा जाहिर किया। इस दौरान बोर्ड के सदस्यों ने कई घंटों तक उनके इस्तीफे की परिस्थितियों और CEO पद पर उनकी संभावित वापसी पर चर्चा की। बैठक से जुड़े लोगों के मुताबिक हुआंग ने इस दौरान अपने अन्य संबंधों को भी स्वीकार किया। ईमानदारी और पारदर्शिता के महत्व पर हुई बातचीत के बाद बोर्ड ने माना कि हुआंग को दोबारा जिम्मेदारी सौंपना कंपनी के हित में सबसे बेहतर फैसला होगा।
सर्वसम्मति से CEO बनाने के पक्ष में बोर्ड का फैसला
बैठक के बाद एनवीडिया ने आधिकारिक तौर पर बताया कि बोर्ड ने सर्वसम्मति से जेन्सेन हुआंग को तत्काल प्रभाव से फिर CEO नियुक्त करने के पक्ष में मतदान किया है। यह निर्णय बोर्ड के कुछ दिन पहले दिए गए बयान से बिल्कुल अलग था। उस समय एनवीडिया के चेयरमैन हार्वे जोन्स ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि हुआंग की वापसी की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया था कि बोर्ड ने सर्वसम्मति से हुआंग का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और उन्हें दोबारा पद पर लाने की कोई योजना नहीं थी।
चेयरमैन पद पर बने रहेंगे हार्वे जोन्स
एनवीडिया ने नेतृत्व में हुए बदलावों को लेकर यह भी स्पष्ट किया कि हार्वे जोन्स कंपनी के बोर्ड चेयरमैन बने रहेंगे। वहीं, जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे के बाद अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाल रही कोलेट क्रेस (Colette Kress) अपनी चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) की भूमिका में बनी रहेंगी।




















