Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अशोकनगर में कांग्रेस का न्याय सत्याग्रह, नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस चेकिंग पर जताई आपत्ति, जीतू पटवारी के खिलाफ FIR के विरोध में जुटे प्रदेशभर से कार्यकर्ता

अशोकनगर में कांग्रेस का न्याय सत्याग्रह, नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस चेकिंग पर जताई आपत्ति, जीतू पटवारी के खिलाफ FIR के विरोध में जुटे प्रदेशभर से कार्यकर्ता

अशोकनगर। मध्य प्रदेश कांग्रेस आज अशोकनगर में “न्याय सत्याग्रह” का आयोजन कर रही है। यह आंदोलन पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ मुंगावली थाने में दर्ज एफआईआर के विरोध में किया जा रहा है। आंदोलन को लेकर पूरे जिले में सियासी सरगर्मी तेज है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

पुरानी कृषि उपज मंडी बना आंदोलन का केंद्र

कांग्रेस के न्याय सत्याग्रह के लिए अशोकनगर की पुरानी कृषि उपज मंडी को सभा स्थल बनाया गया है। यहीं से आंदोलन की शुरुआत होगी और इसके बाद सभी नेता व कार्यकर्ता गिरफ्तारी देने के लिए मुंगावली थाने जाएंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस सत्याग्रह में 12 से 15 हजार कार्यकर्ता प्रदेशभर से भाग लेंगे। इसके लिए आसपास के जिलों से कार्यकर्ता बसों, जीपों और निजी वाहनों से अशोकनगर पहुंच रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष के काफिला पहुंचा अशोकनगर, पुलिस चेकिंग पर जताई आपत्ति

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार करीब 100 गाड़ियों के काफिले के साथ अशोकनगर पहुंचे। रास्ते में गुना जिले के पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास पुलिस ने उनके काफिले की गाड़ियों की चेकिंग की, जिस पर सिंघार ने नाराजगी जताते हुए कहा – “क्या हम बम, हथियार या मिसाइल लेकर जा रहे हैं? क्यों परेशान कर रहे हो?” इस पर पुलिस अधिकारियों ने जवाब दिया कि ये कार्रवाई उनकी ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।

उन्होंने एक्स पर लिखा- “आज न्याय सत्याग्रह में शामिल होने के लिए अशोकनगर जाने के दौरान पुलिस चेकिंग के नाम पर मेरे वाहन को पुलिस द्वारा रोक कर प्रोटोकॉल तोड़ा गया! साथ ही पूरे रास्ते में जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। कांग्रेस के साथियों का जोश देखकर सरकार घबरा गई है और तानाशाही पर उतर आई है! हम रुकेंगे नहीं, हम झुकेंगे नहीं!”

दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह भी रहेंगे आंदोलन में शामिल

इस आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विधायक जयवर्धन सिंह और खुद प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल होंगे। आयोजन से पहले ही दिग्विजय सिंह अशोकनगर पहुंच चुके हैं और कुछ ही देर में सभा स्थल पर पहुंचने वाले हैं। मंच से सभी नेता राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साध सकते हैं।

प्रशासन ने सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम

सभा स्थल के तीन में से दो गेटों को बंद कर दिया गया है और केवल एक मुख्य गेट से आवाजाही की अनुमति है। शहर के प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग लगाई गई है। साथ ही, अशोकनगर और गुना जिलों की सीमाओं पर आने-जाने वालों की गहन चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने अशोकनगर मंडी से लेकर मुंगावली थाने तक पूरी रूट पर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है।

संभावित गिरफ्तारी के लिए 40 बसों का इंतजाम

प्रशासन ने सत्याग्रह के बाद संभावित गिरफ्तारी के मद्देनजर करीब 40 बसों का इंतजाम किया है। गिरफ्तारी देने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मुंगावली की खुली जेल में अस्थायी रूप से रखा जाएगा। वहीं, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पूरी स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं।

लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश : कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदेश में लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और जीतू पटवारी पर दर्ज एफआईआर इसी रणनीति का हिस्सा है। पार्टी इसे लोकतंत्र की लड़ाई मान रही है और उसी के तहत पूरे प्रदेश से कार्यकर्ताओं को जुटाकर “न्याय सत्याग्रह” किया जा रहा है।

Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts