Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिखाई नहीं दे रही सड़कें!MP में बार-बार बदल रहा मौसम, बारिश के बाद छाया घना कोहरा

मध्य प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। बारिश और ओलों के बाद अब ग्वालियर-चंबल समेत करीब 20 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता कम हो गई। फिलहाल बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन 5 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से फिर मावठा गिर सकता है।
MP में बार-बार बदल रहा मौसम, बारिश के बाद छाया घना कोहरा
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी तेज बारिश और ओले परेशान कर रहे हैं, तो अब सुबह के वक्त घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। पिछले चार दिनों से वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सिस्टमके असर से प्रदेश के कई जिलों में मावठे की बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। अब इसी सिस्टम के कमजोर पड़ते ही कोहरे का असर बढ़ गया है।

    20 से ज्यादा जिलों में सुबह घना कोहरा

    बुधवार सुबह ग्वालियर-चंबल अंचल समेत प्रदेश के करीब 20 से ज्यादा जिलों में हल्के से लेकर घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। सुबह काम पर निकलने वाले लोगों और वाहन चालकों को खासा परेशान होना पड़ा।

    इन जिलों में ज्यादा असर

    भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज जैसे जिलों में कोहरे का असर ज्यादा देखा गया। कई जगहों पर 50 से 100 मीटर तक ही विजिबिलिटी रह गई, जिससे सुबह के समय ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई।

    फिलहाल बारिश से राहत

    बुधवार के लिए मौसम विभाग ने बारिश या ओलावृष्टि का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। यानी एक दिन के लिए प्रदेश को मावठे से राहत मिली है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिन की नहीं है। आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर बदल सकता है।

    5 फरवरी से फिर सक्रिय होगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस

    मौसम विभाग के मुताबिक 5 फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने वाला है। इसका सीधा असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा। इस सिस्टम के असर से प्रदेश में एक बार फिर मावठे की बारिश शुरू हो सकती है, जो 10 फरवरी तक रुक-रुक कर जारी रहने की संभावना है।

    अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम

    5 फरवरी का अनुमान

    ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और आसपास के जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहेगा।

    6 फरवरी का हाल

    6 फरवरी को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि इस दिन भी बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं दी गई है।

    बीते दिन कैसा रहा मौसम

    मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने जमकर कहर बरपाया। ग्वालियर, भोपाल, मंदसौर, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, दतिया, मैहर, कटनी, शिवपुरी, भिंड, राजगढ़, आगर-मालवा और गुना समेत 22 से ज्यादा जिलों में बारिश, ओले, तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं।

    लोगों के लिए अलर्ट जारी 

    लगातार बदलते मौसम का असर खेती और रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिख रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर वाहन चलाते वक्त फॉग लाइट और धीमी रफ्तार रखने की जरूरत है।

    आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत

    मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी के पहले पखवाड़े में मौसम इसी तरह उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। कभी कोहरा, तो कभी मावठे की बारिश लोगों को परेशान कर सकती है। ऐसे में मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखना जरूरी है।

    Garima Vishwakarma
    By Garima Vishwakarma

    गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

    Latest Posts