CG NEWS: छत्तीसगढ़ में पुलिस का बड़ा विस्तार: 15 नए थाने, 5 साइबर थाना और 5707 नए पदों का प्रस्ताव, बस्तर फाइटर्स को सबसे बड़ा बल

PREM KUMAR,RAIPUR। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने राज्य शासन को 5707 नए पदों के सृजन का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव में 15 नए पुलिस थानों की स्थापना, 5 नए साइबर पुलिस स्टेशन, 8 चौकियों को थाना बनाने और बस्तर फाइटर्स सहित कई विशेष इकाइयों में बड़े पैमाने पर पुलिस बल बढ़ाने की योजना शामिल है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में यह अब तक का सबसे बड़ा विस्तार माना जाएगा।
छत्तीसगढ़ में पुलिस का सबसे बड़ा विस्तार प्रस्ताव
प्रदेश में बढ़ते अपराध, साइबर अपराध और कानून व्यवस्था की चुनौतियों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने राज्य सरकार को 5707 नए पदों का व्यापक प्रस्ताव भेजा है। इसका उद्देश्य पुलिस बल की कमी दूर करना और नई सुरक्षा जरूरतों के अनुरूप पुलिस तंत्र को आधुनिक बनाना है।
बस्तर फाइटर्स को मिलेंगे सबसे ज्यादा जवान
प्रस्ताव के अनुसार सबसे अधिक 1500 पद बस्तर फाइटर्स के लिए मांगे गए हैं। इनमें बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जिले में 500-500 आरक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ATS और VIP सुरक्षा को भी मिलेगा बड़ा बल
पुलिस मुख्यालय ने आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) के लिए 325 नए पद, वीआईपी सुरक्षा वाहिनी के लिए 250 पद, जीआरपी रायपुर के लिए 150 पद तथा रायपुर ग्रामीण पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय के लिए 251 पदों की मांग की है।
यह भी पढ़ें: CG NEWS: दो पत्नियों को साथ रखने की जिद में 60 फीट ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ा युवक, ढाई घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
रायपुर कमिश्नरी का होगा विस्तार
रायपुर में कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद भी कई प्रशासनिक पद खाली हैं। इन्हें भरने के लिए 67 नए पदों की मांग की गई है। वर्तमान में स्वीकृत 3600 पदों के मुकाबले केवल 2650 पुलिसकर्मी कार्यरत हैं, जबकि जरूरत करीब 4000 जवानों की बताई गई है।
15 नए थानों का प्रस्ताव
राज्य में कई नए क्षेत्रों में पुलिस थाने खोलने की तैयारी है। रायपुर में सरोना, जरवाय, उपरवारा (नया रायपुर), सिलतरा और कमल विहार चौकी को थाना बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।
5 नए साइबर पुलिस स्टेशन खुलेंगे
साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए बालोद, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, सक्ती और बलरामपुर में नए साइबर पुलिस स्टेशन प्रस्तावित हैं। प्रत्येक साइबर थाने में आईटी विशेषज्ञता वाले 10 पद स्वीकृत करने की मांग की गई है। रायपुर कमिश्नरी के लिए अलग साइबर थाना भी प्रस्तावित है।
8 पुलिस चौकियां बनेंगी पूर्ण थाना
चिचोला, सिलयारी, तुमड़ीबोड़, चिखली, भंवरपुर, संजारी, कोतबा और पोड़ी-बचरा चौकियों को पूर्ण पुलिस थाना बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग और तेज होगी।
यह भी पढ़ें: CG NEWS: बांग्लादेशी घुसपैठियों की तलाश तेज: छत्तीसगढ़ में निर्माण स्थलों पर पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान
21 थानों में बढ़ेगा पुलिस बल
जिन 21 थानों में वर्तमान में 25 से कम पुलिसकर्मी तैनात हैं, वहां 41 से 43 अतिरिक्त पद स्वीकृत करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में पुलिस व्यवस्था मजबूत होगी।












