CG NEWS:मानसून ने बदली चाल: रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश के आसार, 31% बारिश की कमी होगी दूर!

रायपुर न्यूज। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र ने छत्तीसगढ़ में मानसून को नई रफ्तार दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना है। रायपुर सहित पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश के संकेत हैं, जिससे अब तक बनी 31 प्रतिशत बारिश की कमी दूर होने की उम्मीद बढ़ गई है।
लो-प्रेशर से सक्रिय हुआ मानसून
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि इस सिस्टम के कारण अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
रायपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में 25.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। सबसे अधिक बारिश शंकरगढ़ और कुसमी में 90-90 मिमी, चंदो में 80 मिमी तथा कोरिया जिले के पटना में 60 मिमी दर्ज की गई। बलरामपुर और अंबिकापुर सहित सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।
31 प्रतिशत बारिश की कमी दूर होने की उम्मीद
इस मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 31 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली लगातार बारिश से यह कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। इससे जलाशयों का जलस्तर बढ़ेगा और खेती-किसानी को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
किसानों के लिए राहत की खबर
लगातार बारिश की संभावना से धान की रोपाई में तेजी आने की उम्मीद है। खेतों में नमी बढ़ने से कृषि कार्य आसान होंगे और सिंचाई पर निर्भरता भी कम होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह मौसम राहत लेकर आया है।
CG NEWS: 2200 करोड़ के भुगतान पर ठेकेदारों का बवाल, विधानसभा कूच से पहले अर्धनग्न प्रदर्शन
अगले तीन दिन रहें सतर्क
मौसम विभाग ने लोगों को अगले तीन दिनों तक गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। निचले इलाकों में जलभराव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की गई है।












