मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का अनोखा अंदाज, खुद हर टेबल पर पहुंचे,दीपावली मिलन में दिखी छत्तीसगढ़ की सामाजिक एकता

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री खुद एक-एक टेबल पर पहुंचे और प्रदेशभर से आए समाज प्रमुखों, पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, लोकतंत्र सेनानियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। किसी से हालचाल जाना तो किसी के अनुभव सुने। आत्मीयता और अपनत्व से भरे इस आयोजन में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और सेवा भावना की झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री निवास में उमड़ा समाज का प्रतिनिधित्व
18 नवंबर को आयोजित इस दीपावली मिलन समारोह में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरण, सुरक्षा, उद्योग और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। यह समारोह महज दीपावली की शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज के लिए लंबे समय से काम कर रहे लोगों से संवाद और उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर भी बना।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ कैबिनेट के 4 बड़े फैसले, गांवों में नलजल के लिए नया नियम, अबूझमाड़ कॉलेज को 40.98 करोड़
खुद अतिथियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री साय
समारोह का सबसे खास दृश्य उस समय देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय औपचारिक मंच तक सीमित रहने के बजाय खुद अतिथियों की टेबल तक पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठजनों से मुलाकात की, उनके अनुभव सुने और विभिन्न संगठनों की गतिविधियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के सहज और सरल व्यवहार से समारोह में पारिवारिक मिलन जैसा माहौल बना रहा। अतिथियों ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपने विचार और अनुभव साझा किए।
समाज की एकता ही छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश और उल्लास का पर्व नहीं है, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता, सामाजिक एकता और सेवा भावना है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।
जैन, वैष्णव और सोनार समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात
समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज और छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के वरिष्ठजन शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उनसे सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव की समृद्ध परंपरा से है। समाज के वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन है।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका,बिजली कंपनियों में 1,501 पदों पर बंपर भर्ती, 6 नवंबर से आवेदन शुरू
लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को किया नमन
प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोकतंत्र सेनानियों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान आपातकाल के समय लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष करने वालों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
सेवा संगठनों के कामों की सराहना
आरोग्य भारती, राष्ट्रीय सेवा भारती और भारतीय कुष्ठ निवारक संघ सहित विभिन्न सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी समारोह में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य जागरूकता, रोग निवारण, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक पुनर्वास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले संगठन सामाजिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
शिक्षा और संस्कार पर हुई चर्चा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय शिक्षण मंडल और विद्या भारती के प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री ने शिक्षा, विद्यार्थी विकास, कौशल और संस्कारों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना भी है। प्रज्ञा प्रवाह और भारतीय साहित्य परिषद सहित साहित्यिक एवं वैचारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
ये भी पढ़ें: रायपुर में BJP की महा रैली, CM साय ने भरी हुंकार,‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारों से गूंजा स्टेडियम
जनजातीय संस्कृति और सुरक्षा में योगदान को सम्मान
विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम, राष्ट्रीय सेवा समिति और हिंदू जागरण मंच सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के प्रयासों की जानकारी ली। पूर्व सैनिक परिषद के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने देश की सुरक्षा में सैनिकों के योगदान को राष्ट्र का गौरव बताया।
उद्योग और श्रमिक संगठनों से आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ पर चर्चा
लघु उद्योग भारती और भारतीय मजदूर संघ सहित आर्थिक एवं श्रमिक क्षेत्र के संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान लघु उद्योगों, स्थानीय उद्यमिता, रोजगार सृजन और श्रमिक कल्याण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्योगों, उद्यमियों, श्रमिकों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्थानीय संसाधनों और कौशल को प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है।
पद्मश्री विभूतियों से मुलाकात, कला-संस्कृति पर विशेष चर्चा
समारोह में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही। मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध सूफी गायक मदन सिंह चौहान से मुलाकात कर संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। इसके अलावा पद्मश्री पंडीराम मंडावी से अबूझमाड़ की पारंपरिक काष्ठकला और उसके संरक्षण पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की जनजातीय कला और संस्कृति प्रदेश की अमूल्य धरोहर है। पद्मश्री भारती बंधु से मुलाकात के दौरान संत कबीर की वाणी और भक्ति संगीत को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान की प्रशंसा की गई।
आदिवासी बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने की पहल
विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को 'स्पेस ऑन व्हील' पहल की जानकारी दी। इस पहल के माध्यम से जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें आधुनिक शैक्षणिक संसाधन, उचित मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। शिक्षा, सेवा, संस्कृति, उद्योग, सामाजिक जागरण और श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में सामूहिक प्रयास ही प्रदेश की विकास यात्रा को गति देंगे।
ये भी पढ़ें: बिरसा मुंडा के नाम पर सियासी संग्राम,CM साय बोले- आदिवासी समाज वोट बैंक नहीं, भारत की आत्मा है
आत्मीय संवाद के साथ समारोह का समापन
दीपावली मिलन समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित यह आयोजन सामाजिक संगठनों, वरिष्ठजनों, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली विभूतियों के बीच संवाद और आपसी विश्वास को मजबूत करने का अवसर बना।




















