Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रणबीर कपूर के साथ शादी में खुश नहीं हैं आलिया भट्ट? एक्ट्रेस ने शादी को लेकर कही ये बात

आलिया भट्ट ने रणबीर कपूर के साथ अपनी शादी और रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ी है। TIME100 Next India को दिए इंटरव्यू में आलिया ने कहा कि उन्हें मजबूर महिला के रूप में दिखाना अपमानजनक है।
रणबीर कपूर के साथ शादी में खुश नहीं हैं आलिया भट्ट? एक्ट्रेस ने शादी को लेकर कही ये बात
आलिया भट्ट को TIME100 Next India सूची में शामिल किया गया

बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने आखिरकार रणबीर कपूर के साथ अपनी शादी और रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर खुलकर बात की है। पिछले कई सालों से सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के दावे किए जाते रहे हैं। कभी रणबीर का कोई बयान चर्चा में आ जाता है, तो कभी आलिया के इंटरव्यू की किसी बात को लेकर बहस शुरू हो जाती है। कई यूजर्स ने तो आलिया को ऐसी महिला के रूप में दिखाने की कोशिश की, जिसे अपनी पसंद और मर्जी से समझौता करना पड़ता है। अब आलिया ने इन चर्चाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि अनजान लोगों की बनाई कहानियों में उन्हें एक मजबूर महिला के तौर पर पेश करना अपमानजनक है। उन्होंने साफ किया कि सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली कहानियां उनके रिश्ते की असलियत नहीं हैं। आलिया ने यह भी बताया कि रणबीर के साथ उनका रिश्ता किस भरोसे और समझ पर टिका है।

रणबीर कपूर के साथ रिश्ते पर क्या बोलीं आलिया भट्ट?

आलिया भट्ट ने यह बात मशहूर टाइम मैगजीन को दिए इंटरव्यू में कही। उन्हें मैगजीन की TIME100 Next India सूची में शामिल किया गया है। इस दौरान उनसे रणबीर कपूर के साथ शादी और सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर होने वाली चर्चाओं के बारे में सवाल किया गया। आलिया ने कहा कि वह हमेशा महिलाओं को अपनी सोच, भावनाओं और पसंद को समझने के साथ अपनी बात खुलकर रखने के लिए प्रोत्साहित करती रही हैं। ऐसे में उन्हें किसी काल्पनिक कहानी में एक पीड़ित या मजबूर महिला के रूप में दिखाना उन्हें अच्छा नहीं लगता।

आलिया भट्ट, आर्यन खान और वैभव सूर्यवंशी को TIME100 Next India में जगह, पहली बार जारी हुई 100 उभरती प्रतिभाओं की सूची

X Post

'बिना कुछ कहे भी समझा जाए'

अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए आलिया ने एक ऐसी बात कही, जो किसी भी रिश्ते की मजबूती को समझाती है। उनके मुताबिक, किसी संबंध में सबसे जरूरी यह है कि आप बिना कुछ कहे भी खुद को समझा हुआ और सुना हुआ महसूस करें। आलिया ने बताया कि रणबीर कपूर के साथ उनका रिश्ता ऐसा ही है। दोनों के बीच एक-दूसरे को समझने और सुनने की भावना है। यही उनके रिश्ते की वास्तविकता है। आलिया की इस प्रतिक्रिया को सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर बनाई जा रही धारणाओं के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, अभिनेत्री ने किसी एक सोशल मीडिया पोस्ट या यूजर को निशाना बनाने के बजाय उन सभी अटकलों पर अपनी बात रखी है, जो लंबे समय से उनके रिश्ते को लेकर होती रही हैं।

गुस्से और लिपस्टिक वाले बयान से शुरू हुई थी बहस

आलिया और रणबीर कपूर ने कुछ साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद अप्रैल 2022 में शादी की थी। नवंबर 2022 में दोनों बेटी राहा के माता-पिता बने। उनकी शादी के बाद से ही सोशल मीडिया पर कई बार उनके रिश्ते को लेकर बहस देखने को मिली है। मई 2023 में आलिया ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब वह किसी बहस के दौरान अपनी आवाज ऊंची करती हैं, तो रणबीर को यह पसंद नहीं आता। उनके मुताबिक, रणबीर का मानना है कि नाराजगी के समय भी इंसान को अपने व्यवहार में नरमी रखनी चाहिए। आलिया की इस बात के सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए थे कि क्या वह रणबीर को खुश रखने के लिए अपने व्यवहार में बदलाव करती हैं। इसके बाद अगस्त 2023 में वोग इंडिया को दिए इंटरव्यू में आलिया ने लिपस्टिक से जुड़ा एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया था कि रणबीर को उनका प्राकृतिक लिप कलर पसंद है और वह कई बार उनसे लिपस्टिक पोंछने के लिए कहते थे। आलिया ने यह बात सामान्य बातचीत के दौरान बताई थी, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे रणबीर के नियंत्रित करने वाले व्यवहार से जोड़ दिया। यहां तक कि कुछ यूजर्स ने रणबीर को 'रेड फ्लैग' कहना शुरू कर दिया।

कॉफी विद करण में आलिया ने किया था रणबीर का बचाव

लगातार हो रही आलोचना के बीच आलिया ने नवंबर 2023 में 'कॉफी विद करण 8' में रणबीर कपूर का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि रणबीर की बातों को कई बार संदर्भ से हटाकर पेश किया जाता है। सोशल मीडिया पर उनकी जो छवि बनाई जा रही है, रणबीर असल जिंदगी में वैसे नहीं हैं। इसके बाद जुलाई 2024 में रणबीर कपूर का एक बयान भी चर्चा में आया था। निखिल कामथ के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान रणबीर ने कहा था कि शादी में दोनों लोगों को अपने व्यक्तित्व के कुछ पहलुओं को छोड़ना और एक-दूसरे के साथ तालमेल बैठाना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया था कि शादी के बाद आलिया ने अपनी तेज आवाज में बात करने की आदत में बदलाव किया, ताकि उन्हें ज्यादा सहज महसूस हो।

‘लव एंड वॉर’ में विक्की कौशल का धांसू लुक वायरल, हाथ में लाइटर और मुंह में सिगरेट देख फैंस हुए एक्साइटेड

'लव एंड वॉर' में फिर साथ नजर आएंगे आलिया और रणबीर

निजी जिंदगी के अलावा आलिया और रणबीर अपनी फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं। दोनों जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में साथ नजर आएंगे। इस फिल्म में विक्की कौशल भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। 'ब्रह्मास्त्र' के बाद यह दूसरी बार होगा, जब आलिया और रणबीर एक साथ बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे। फिल्म जनवरी 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब दर्शकों को इस फिल्म में तीनों कलाकारों की जोड़ी और संजय लीला भंसाली के निर्देशन का इंतजार है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts