Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जेन्सेन हुआंग विवाद पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- चीन की खूबसूरत महिलाओं को जासूस मान लेते हैं लोग

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग का बचाव करते हुए उन्हें बहुत प्रतिभाशाली बताया। वहीं, कंपनी के एक अन्य पूर्व वरिष्ठ अधिकारी अजय पुरी के संबंधों को लेकर मडी वाटर्स की रिपोर्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
जेन्सेन हुआंग विवाद पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- चीन की खूबसूरत महिलाओं को जासूस मान लेते हैं लोग
डोनाल्ड ट्रंप।

बीजिंग। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया (Nvidia) के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग की खुलकर तारीफ की है। चीनी जासूस बताई जा रही एक महिला के साथ संबंधों को लेकर विवादों में घिरे हुआंग को ट्रंप ने बेहद प्रतिभाशाली व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि हुआंग अपने समय से करीब 10 साल आगे थे और कुछ व्यक्तियों की जगह कोई दूसरा नहीं ले सकता।

इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने इसे दुखद घटना बताया। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मामले से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं सुना है जिससे संबंधित महिला के जासूस होने की पुष्टि होती हो। ट्रंप ने एलिस को खूबसूरत महिला बताते हुए यह भी कहा कि चीन से आने वाली किसी भी खूबसूरत महिला को लोग जासूस मानने लगते हैं।

यह भी पढ़ें: APEC Summit: एक मंच पर 3 बड़ी ताकतें, ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात पर टिकी दुनिया की नजर

'हम पैसा कमाना चाहते हैं', ट्रंप ने कारोबार को बताया प्राथमिकता

चीन के शेन्जेन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को जेन्सेन हुआंग जैसे प्रतिभाशाली लोगों का ध्यान रखना चाहिए। ट्रंप ने एलिस को एक कारोबारी महिला बताया, जो चिप्स खरीदने का काम करती थीं। उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता कि चिप्स की खरीद वैध तरीके से हुई थी या नहीं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका उन्हें खरीदने की अनुमति देता है। ट्रंप के शब्दों में, अमेरिका कारोबार करना और पैसा कमाना चाहता है।

जेन्सेन हुआंग ने छोड़ दिया था CEO का पद

ट्रंप के करीबी माने जाने वाले जेन्सेन हुआंग ने पिछले सप्ताह एनवीडिया के CEO पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने एलिस हुआंग नाम की महिला के साथ विवाहेतर संबंध (Extramarital Affair) होने की बात स्वीकार की थी। बताया जाता है कि एलिस की कंपनी ने चीन को एनवीडिया की एडवांस्ड कंप्यूटर चिप्स हासिल करने में मदद की थी। इन अत्याधुनिक चिप्स का इस्तेमाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल तैयार करने में किया जाता है। ट्रंप ने यह भी बताया कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई बातचीत में उन्होंने जेन्सेन हुआंग का जिक्र किया था। हालांकि, इस मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच कोई विस्तृत चर्चा नहीं हुई। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने केवल संक्षेप में इसका उल्लेख किया था और इसे एक दुखद घटनाक्रम बताया था।

एनवीडिया के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी जे पुरी पर भी उठे सवाल

/img/126/1795071146303

जे पुरी सेनली चेन के साथ

 

जेन्सेन हुआंग से जुड़े विवाद के बीच एनवीडिया के एक अन्य पूर्व वरिष्ठ अधिकारी अजय के. 'जे' पुरी का नाम भी चर्चा में है। कंपनी में तीसरे सबसे अहम पद पर रह चुके पुरी को लेकर शॉर्ट-सेलिंग फर्म मडी वाटर्स रिसर्च (Muddy Waters Research) ने अपनी रिपोर्ट में सवाल उठाए हैं।  रिपोर्ट में पुरी के सुपर माइक्रो कंप्यूटर इंक (SMCI) के एक पूर्व अधिकारी सेनली चेन के साथ संभावित निजी संबंधों की पड़ताल की गई है। संबंधित पूर्व अधिकारी पर चीन को अवैध तरीके से सर्वर बेचने के मामले में सिविल मुकदमा चल रहा है। मडी वाटर्स की रिपोर्ट में इस बात पर सवाल किया गया है कि क्या पुरी के संबंध उस चीनी महिला से थे, जो SMCI में पहले कार्यरत थी और अब चीन को सर्वर बेचने से जुड़े मामले का सामना कर रही है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts