Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छत्तीसगढ़ के 10 मेडिकल कॉलेजों में नर्सों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, मरीजों की बढ़ सकती है परेशानी,9 मांगों पर आर-पार की लड़ाई

छत्तीसगढ़ के 10 मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग कर्मचारियों ने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारी नियमितीकरण, 40 हजार रुपये वेतन, केंद्र के समान ग्रेड पे, भत्ते, पदोन्नति और नर्सिंग विद्यार्थियों का स्टाइपेंड 15 हजार रुपये ग्रेड पे, नियमितीकरण और 40 हजार रुपये वेतन की मांग पर अड़े नर्सिंग कर्मचारी; 26 साल से नहीं बढ़ा इंटर्नशिप स्टाइपेंड, सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
छत्तीसगढ़ के 10 मेडिकल कॉलेजों में नर्सों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, मरीजों की बढ़ सकती है परेशानी,9 मांगों पर आर-पार की लड़ाई

रायपुर: छत्तीसगढ़ की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में नर्सिंग कर्मचारियों की हड़ताल से हलचल मच गई है। प्रदेश के 10 मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग संवर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक शासन उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं लेता, आंदोलन जारी रहेगा। नर्सिंग कर्मचारियों की इस हड़ताल से मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।

9 मांगें पूरी कराने सड़क पर उतरा नर्सिंग संवर्ग

नर्सिंग संवर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद शासन और चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। लगातार अनदेखी से नाराज कर्मचारियों ने अब अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ का कहना है कि नर्सिंग कर्मचारी अस्पतालों में मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित वेतनमान, भत्ते और पदोन्नति का लाभ नहीं मिल रहा है।

/img/129/1795017243834

संबंधित खबर: CG NEWS: छत्तीसगढ़ के 5 नए मेडिकल कॉलेजों को NMC की मंजूरी नहीं, 250 MBBS सीटें बढ़ाने की योजना पर लगा ब्रेक

केंद्र के समान ग्रेड पे और वेतनमान लागू करने की मांग

नर्सिंग कर्मचारियों की प्रमुख मांग केंद्र सरकार के अनुरूप ग्रेड पे और वेतनमान लागू करने की है। संघ के मुताबिक, इस संबंध में 30 जनवरी 2026 को प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने शासन से प्रस्ताव पर जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

10-12 हजार वेतन में ड्यूटी, अब 40 हजार की मांग

संविदा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और दैनिक वेतन पर कार्यरत स्टाफ नर्सों के नियमितीकरण की मांग भी आंदोलन का बड़ा मुद्दा है। संघ का कहना है कि कई नर्सिंग कर्मचारी महज 10 से 12 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन में मरीजों की देखभाल जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मांग की गई है कि कर्मचारियों को उसी संस्थान में नियमित किया जाए, जहां उनकी नियुक्ति हुई है। नियमितीकरण होने तक सभी संविदा, NHM और दैनिक वेतन कर्मचारियों को कम से कम 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने की मांग की गई है।

/img/129/1795017476033

नर्सिंग अलाउंस 7,200 और वाशिंग अलाउंस 1,800 रुपये हो

नर्सिंग संघ ने केंद्र सरकार के अनुरूप भत्ते देने की मांग उठाई है। इसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

नर्सिंग अलाउंस: 7,200 रुपये प्रतिमाह।

वाशिंग अलाउंस: 1,800 रुपये प्रतिमाह।

इसके साथ ही कर्मचारियों ने पदनाम में बदलाव की मांग भी रखी है। स्टाफ नर्स का पदनाम बदलकर 'नर्सिंग ऑफिसर' और नर्सिंग सिस्टर का पदनाम 'सीनियर नर्सिंग ऑफिसर' करने की मांग की गई है।

संबंधित खबर: CG NEWS छत्तीसगढ़ के 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 149 पदों पर भर्ती, 15 जून तक करें आवेदन

मेडिकल कॉलेजों में नए पद सृजित करने की मांग

चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित मेडिकल कॉलेजों में एमसीआई के निर्धारित मापदंडों और स्वीकृत पदों के अनुरूप स्टाफ नर्सों की नियमित भर्ती जल्द शुरू करने की मांग की गई है। इसके अलावा प्रदेश स्तर पर नर्सिंग डायरेक्टर का पद सृजित करने की मांग भी शामिल है। प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग सुपरिटेंडेंट और चीफ नर्सिंग सुपरिटेंडेंट के पद केंद्र के निर्धारित ग्रेड पे, वेतनमान और योग्यता के अनुरूप सृजित करने की मांग की गई है।

26 साल से 1,500 रुपये स्टाइपेंड, अब 15 हजार की मांग

नर्सिंग विद्यार्थियों के इंटर्नशिप स्टाइपेंड का मुद्दा भी आंदोलन में प्रमुखता से उठाया गया है। संघ के अनुसार, वर्ष 1999 से नर्सिंग विद्यार्थियों को महज 1,500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है। पिछले 26 वर्षों में इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। अब इसे बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई है। संघ का कहना है कि इंटर्नशिप करने वाले विद्यार्थियों को भी उनके काम और जिम्मेदारियों के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड मिलना चाहिए।

पदोन्नति का इंतजार खत्म करने की मांग

नर्सिंग कर्मचारियों ने नर्सिंग प्रदर्शक, सहायक नर्सिंग अधीक्षक और नर्सिंग सिस्टर के पदों पर वरिष्ठता सूची के आधार पर पदोन्नति देने की मांग भी उठाई है। संघ का कहना है कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रक्रिया लंबित है, जिससे कर्मचारियों को करियर में आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पा रहा है।

संबंधित खबर: CG NEWS: छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात: 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को मिली मंजूरी, इसी सत्र से शुरू होगी पढ़ाई

सरकार के फैसले तक जारी रहेगी हड़ताल

नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और अब केवल आश्वासन से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। शासन और चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से मांगों पर ठोस निर्णय लिए जाने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी गई है। इस आंदोलन के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकार नर्सिंग कर्मचारियों की मांगों पर कब तक फैसला लेती है और मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाती है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts