Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छत्तीसगढ़ में चक्रवात का अलर्ट, 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 2 दिन बारिश के आसार, बलरामपुर में कड़ाके की ठंड

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को कई जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री दर्ज किया गया है। तूफान 'अकवान' का दिखेगा असर, 20-21 नवंबर को कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ में चक्रवात का अलर्ट, 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 2 दिन बारिश के आसार, बलरामपुर में कड़ाके की ठंड

रायपुर:  छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, प्रदेश में ठंड का असर भी लगातार बढ़ रहा है। बलरामपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

चक्रवात के असर से बदलेगा मौसम, दो दिन बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

छत्तीसगढ़ में 2 दिन बारिश का अलर्ट, ‘अकवान’ तूफान से बदलेगा मौसम, 17 जिलों में बढ़ी ठंड

50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बिजली गिरने की चेतावनी

चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में मौसम खराब हो सकता है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है।

20 नवंबर को तट से टकरा सकता है तूफान

मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 520 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, चेन्नई से 560 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 660 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई थी। तूफान के तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है।

बलरामपुर में 8.9 डिग्री पहुंचा पारा, अंबिकापुर भी ठिठुरा

प्रदेश में चक्रवात के संभावित असर के बीच ठंड ने भी अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को बलरामपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पेंड्रा में सुबह के समय हल्की धुंध छाने लगी है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं।

छत्तीसगढ़ में तूफान का बड़ा असर, 5 जिलों में रेड अलर्ट,रायपुर समेत कई जिलों में बारिश, स्कूल बंद

रायपुर में बादलों का डेरा, ऐसा रहेगा तापमान

राजधानी रायपुर में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज राजधानी में बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts