आलिया भट्ट, आर्यन खान और वैभव सूर्यवंशी को TIME100 Next India में जगह, पहली बार जारी हुई 100 उभरती प्रतिभाओं की सूची

अमेरिकी मैगजीन 'टाइम' ने पहली बार भारत के लिए 'TIME100 Next India' सूची जारी की है। इसमें बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट, अभिनेता आर्यन खान और क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी समेत देश की 100 उभरती प्रतिभाओं को जगह मिली है। इस सूची में फिल्म, खेल, कारोबार, विज्ञान, संगीत और सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे लोगों को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इस सूची में केवल मनोरंजन और क्रिकेट जगत की हस्तियां ही नहीं, बल्कि कारोबारियों, वैज्ञानिकों और सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के नाम भी शामिल हैं।

हरमनप्रीत कौर से दिलजीत दोसांझ तक शामिल
'टाइम100 Next India' की सूची में खेल जगत से हरमनप्रीत कौर, लवलीना बोरगोहेन और सानिया मिर्जा को जगह मिली है। वहीं, संगीत के क्षेत्र से दिलजीत दोसांझ और अनिरुद्ध रविचंदर शामिल हैं। कारोबार और टेक्नोलॉजी की दुनिया से पीयूष बंसल, अलबिंदर सिंह ढींडसा, तरुण मेहता और राधिका गुप्ता जैसे नाम इस सूची का हिस्सा बने हैं। इसके अलावा अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए शामिल किया गया है।

आलिया, पवन चंदाना और आर्यन खान के नाम तीन खास कवर
इस मौके पर 'टाइम' ने तीन वैश्विक कवर पेज भी जारी किए हैं। पहले कवर पर आलिया भट्ट नजर आ रही हैं। दूसरे कवर पर अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कंपनी स्काईरूट के सह-संस्थापक पवन कुमार चंदाना को जगह दी गई है। वहीं, तीसरे सामूहिक कवर पर फिल्म निर्माता आर्यन खान, पायल कपाड़िया और थेजा रियो शामिल हैं।

राजामौली ने आलिया और विशाल भारद्वाज ने आर्यन पर लिखा
इस सूची की एक खास बात यह भी है कि इसमें शामिल कई प्रतिभाओं के बारे में जाने-माने लोगों ने लेख लिखे हैं। फिल्मकार एस.एस. राजामौली ने आलिया भट्ट के बारे में लिखा है, जबकि विशाल भारद्वाज ने आर्यन खान और आयुष्मान खुराना ने क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पर अपने विचार साझा किए हैं।
महेश बाबू की 'वाराणसी' के लिए करना होगा इंतजार, मेकर्स ने बताया कितना काम बचा है बाकी
12 दिसंबर को मुंबई में होगा भव्य आयोजन
'टाइम' की मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेसिका सिबली के मुताबिक, भारत में नई पीढ़ी के ऐसे नेतृत्वकर्ता उभर रहे हैं, जिनके विचारों और काम का प्रभाव देश की सीमाओं से बाहर भी दिखाई दे रहा है। वहीं, पत्रिका के प्रधान संपादक सैम जैकब्स का मानना है कि भारत की यह पीढ़ी न केवल अपने देश, बल्कि दुनिया का भविष्य गढ़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस सूची में शामिल 100 लोगों का चयन भारत और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे 'टाइम' के पत्रकारों ने किया है। इसका भव्य आयोजन 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। 'टाइम' और रिलायंस मिलकर इस कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे। वहीं, 'TIME100 Next India' का विशेष अंक 7 दिसंबर को दुनियाभर में उपलब्ध होगा।




















