Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बैंड-बाजा-बारात; भारत में शादी का सीजन बढ़ाएगा कारोबार, 52 लाख शादियों में 7.5 लाख करोड़ रुपये खर्च होने की उम्मीद

CAIT के मुताबिक, 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच देशभर में करीब 52 लाख शादियां हो सकती हैं। इससे घरेलू बाजार को बढ़ावा मिलने के साथ 1.25 करोड़ अस्थायी और मौसमी रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
बैंड-बाजा-बारात; भारत में शादी का सीजन बढ़ाएगा कारोबार, 52 लाख शादियों में 7.5 लाख करोड़ रुपये खर्च होने की उम्मीद

 नई दिल्ली। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के अनुसार, भारत में आने वाले शादी के सीजन में 21 नवंबर से 15 दिसंबर, 2026 के बीच लगभग 52 लाख शादियां होने की उम्मीद है। इससे 7.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। यह जो घरेलू खपत को बड़ा बढ़ावा देगा और लगभग 1.25 करोड़ अस्थायी और मौसमी रोजगार के अवसर पैदा करेगा।

CAIT ने अपनी ताजा रिपोर्ट में बताया है कि इन अनुमानों में शादी के सीजन के दौरान होने वाली वस्तुओं और सेवाओं की बिक्री दोनों शामिल हैं। ये अनुमान CAIT की रिसर्च शाखा, 'CAIT रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी' द्वारा तैयार किए गए हैं। इसके लिए 25 राज्यों के 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 व्यापार संघों से परामर्श किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, कुल अनुमानित कारोबार में से 4.05 लाख करोड़ रुपये (54%) वस्तुओं और खुदरा खरीदारी से आएंगे, जबकि सेवाओं का योगदान 3.45 लाख करोड़ रुपये (46%) रहने का अनुमान है।

/img/126/1795072885357

 इनपर होगा बड़ा खर्च

वस्तुओं की खरीदारी में सबसे बड़ा हिस्सा ज्वेलरी और कीमती धातुओं का रहने की उम्मीद है, जो 1.2 लाख करोड़ रुपये का होगा। इसके बाद कपड़े, साड़ियां और अन्य परिधानों का नंबर आता है, जिनकी बिक्री 90,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। सेवाओं के क्षेत्र में, कैटरिंग और भोजन सेवाओं से 75,000 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है, जबकि शादी के वेन्यू, बैंक्वेट हॉल और होटलों से 60,000 करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है।

एनसीआर में ही होंगी देश की करीब 10 प्रतिशत शादियां

CAIT के अनुसार, अकेले दिल्ली-NCR में लगभग 5 लाख शादियां होने की उम्मीद है, जिससे करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। एसोसिएशन ने कहा कि शादी का यह सीजन रिटेल, मैन्युफैक्चरिंग, हॉस्पिटैलिटी, ट्रांसपोर्टेशन, फूड प्रोसेसिंग और इवेंट मैनेजमेंट जैसे कई क्षेत्रों के व्यवसायों को बढ़ावा देगा। इसमें डेकोरेटर, केटरर, फोटोग्राफर, ट्रांसपोर्टर, हॉस्पिटैलिटी वर्कर और अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए लगभग 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी और पार्ट-टाइम रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

/img/126/1795072914177

 लाखों रोजगार पैदा करती हैं शादियां

CAIT के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि शादी का सीजन केवल सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सवों की एक श्रृंखला से कहीं बढ़कर है। उन्होंने कहा, "यह एक बड़ी आर्थिक गतिविधि है, जो लाखों उपभोक्ताओं, व्यापारियों, निर्माताओं, MSME, कारीगरों और सेवा प्रदाताओं को एक साथ लाती है।" रिपोर्ट में डिजिटल निमंत्रण, भुगतान, AI-आधारित वेडिंग प्लानिंग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल पर भी प्रकाश डाला गया है, जिससे नए कारोबारी अवसर पैदा हो रहे हैं।

कहा- भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें

CAIT के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने कहा कि 52 लाख शादियों से होने वाला संभावित कारोबार भारत के घरेलू बाजार और उपभोक्ता मांग की मजबूती को दर्शाता है। संगठन ने आगे कहा कि अगर परिवार भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें, तो यह सीजन स्थानीय निर्माताओं, व्यापारियों और कारीगरों के लिए मददगार साबित हो सकता है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts