बाराबंकी हादसा:सड़क किनारे सो रहे परिवार पर चढ़ा बेकाबू डंपर, पिता समेत तीन बच्चों की मौत

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में देर रात एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे सो रहे परिवार को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि पिता और उसके तीन बच्चों की मौके पर ही या इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार की महिला सदस्य गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि बिजली न होने और गर्मी ज्यादा होने की वजह से परिवार घर के बाहर सो रहा था। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गर्मी और बिजली कटौती बनी हादसे की वजह
गांव के लोगों के मुताबिक इलाके में देर रात बिजली नहीं थी। तेज गर्मी और उमस से परेशान होकर नीरज चौहान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर के बाहर सड़क किनारे मच्छरदानी लगाकर सो गए थे। परिवार को क्या पता था कि कुछ ही देर बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाएगी। रात करीब दो से तीन बजे के बीच महमूदाबाद की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया। पहले डंपर सड़क किनारे पेड़ से टकराया और फिर सीधे वहां सो रहे परिवार के ऊपर चढ़ गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराकर मौके की तरफ दौड़े।
ये भी पढ़ें: UP Politics: अखिलेश यादव ने दिया कांग्रेस को संदेश, क्या 2027 विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की तैयारी में सपा ?
एक पल में उजड़ गया पूरा परिवार
इस हादसे में नीरज चौहान और उनके बड़े बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल पत्नी आरती, बेटी अंशिका और छोटे बेटे आशू को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। अब इस हादसे में परिवार के चार लोगों की मौत हो चुकी है। सिर्फ आरती जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में लड़ाई लड़ रही हैं। उनका इलाज लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा है।
गांव में छाया मातम
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। गांव वालों का कहना है कि नीरज मेहनत मजदूरी और किराए पर वैन चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। परिवार सामान्य जिंदगी जी रहा था लेकिन एक हादसे ने सबकुछ खत्म कर दिया। घटना के बाद गांव में हर तरफ रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को संभालने की कोशिश कर रहे है।
ये भी पढ़ें: तीन राज्यों में फैले करोड़ों के जमीन घोटाले का भंडाफोड़ : ईडी ने दो मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार
हादसे के बाद चालक मौके से फरार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच हो रही है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल महिला का इलाज जारी है।











