Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भिंड: प्रेमी के साथ गई युवती, पुलिस तालाब में ढूंढती रही; पिता और भाई ने रची थी झूठी कहानी

भिंड के गौरी सरोवर में युवती अंजली बघेल के छलांग लगाने की सूचना झूठी निकली। जिस युवती को तलाशने के लिए पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम दो दिन तक सरोवर में अभियान चलाती रही, वह करीब 20 दिन पहले ही अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद चली गई थी।
प्रेमी के साथ गई युवती, पुलिस तालाब में ढूंढती रही

भिंड। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच और पूछताछ के बाद मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, परिवार ने सामाजिक बदनामी के डर से युवती के सरोवर में कूदने की कहानी बनाई थी।

काफी मशक्कत के बाद युवती का कोई सुराग नहीं लगा 

दरअसल, शनिवार को अंजली के भाई ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी बहन गौरी सरोवर में छलांग लगाकर डूब गई है। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद सरोवर में युवती की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। 

पुलिस ने जांच पड़ताल की 

अंधेरा होने के कारण रात में तलाशी अभियान रोकना पड़ा। अगले दिन भी युवती के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने घटना की परिस्थितियों की पड़ताल शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में युवती के भाई के अकेले स्कूटी से जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस को बताए गए घटनाक्रम पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि अंजली करीब 20 दिन पहले ही अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद चली गई थी। इस तरह सरोवर में उसके छलांग लगाने की सूचना की पुष्टि नहीं हुई और तलाश अभियान के पीछे की कहानी सामने आ गई।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो और मूंग चोरी का खुलासा; पांच आरोपी गिरफ्तार

अब गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, परिवार ने बदनामी के डर से युवती के सरोवर में कूदने की झूठी सूचना दी थी। इसके चलते पुलिस और एसडीआरएफ को दो दिन तक सरोवर में तलाश करनी पड़ी। अब पुलिस अंजली के लापता होने के संबंध में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई करेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Asgar Khan
By Asgar Khan

मैं पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ। 11 अगस्त 2014 से पीपुल्स समाचार, ग्वालि...

Latest Posts