सोना देने का लालच देकर महिला से 2 लाख की ठगी, 12 ट्रांजेक्शन में खाते से निकले रुपये

ग्वालियर। आरोपी ने अलग-अलग क्यूआर कोड के जरिए महिला से 12 बार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराए। इसके बाद भी जब उसने और रुपये मांगे, तो महिला को ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता की ऑनलाइन शिकायत के बाद मुरार थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनजान नंबर से कॉल कर शुरू की दोस्ती
मुरार थाना क्षेत्र के गेरू वाले बंगले के पास त्यागी नगर निवासी 25 वर्षीय गजल बाथम ने पुलिस को बताया कि 3 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने दोस्त बनकर सामान्य बातचीत शुरू की। अगले दिन 4 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे आरोपी ने दोबारा फोन किया और उनसे आधार कार्ड मांगा। महिला ने आधार कार्ड नहीं होने की बात कही, तो आरोपी ने कहा कि वह अब उनका दोस्त बन चुका है और उन्हें गोल्ड देना चाहता है। उसने गोल्ड लेकर खुद आने की बात भी कही।
ये भी पढ़ें: सीहोर: पुलिस की बैंक अधिकारियों के साथ बैठक, बैंक स्टाफ साइबर फ्रॉड से रहे सतर्क
मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े जाने का सुनाया बहाना
पीड़िता के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपी ने फिर फोन किया और नई कहानी सुनाई। उसने कहा कि गोल्ड लेकर आते समय उसे मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया है। आरोपी ने दावा किया कि एयरफोर्स के लोग दो लाख रुपये देने पर ही उसे छोड़ने को तैयार हैं। इसके बाद उसने महिला से तुरंत रुपये भेजने की गुहार लगाई। उसकी बातों में आकर महिला ने अलग-अलग क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कर दी।
12 ट्रांजेक्शन में खाते से निकले दो लाख रुपये
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने 19 हजार, 20 हजार, 25 हजार, 15 हजार, 20 हजार, एक हजार, 15 हजार, पांच हजार, 10 हजार, 36 हजार, 20 हजार और नौ हजार रुपये ट्रांसफर किए। इन 12 ट्रांजेक्शन में कुल दो लाख रुपये भेजे गए।
जांच में जुटी पुलिस
रकम मिलने के बाद भी आरोपी ने और पैसों की मांग की। लगातार रुपये मांगे जाने पर महिला को संदेह हुआ, जिसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुरार थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुरार टीआई गोविंद बगोली ने बताया कि मामले में पीड़िता ने ऑनलाइन शिकायत की थी, जिस पर एफआईआर दर्ज कर ट्रांजेक्शन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




















