मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 छात्रों को मिलेगी श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति, मिलेंगे 1-1 लाख रुपए

भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे। प्रत्येक विजेता को एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की ओर से आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता के बाद लॉटरी के माध्यम से इन विद्यार्थियों का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-मूल्यों से जोड़ने के लिए शुरू हुई योजना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य भावी पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, व्यक्तित्व, भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, शिक्षा और जीवन-मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सभी 102 विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और ज्ञान के प्रति समर्पण विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कामना की कि विद्यार्थी भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करें और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाएं।
खंडवा जिले से सबसे ज्यादा 6 विद्यार्थियों का चयन
श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की ओर से छात्रवृत्ति के लिए विद्यालय और महाविद्यालय/विश्वविद्यालय, दोनों वर्गों में विद्यार्थियों का चयन किया गया है। जिलावार चयन में खंडवा जिले के सबसे अधिक 6 विद्यार्थी विजेता बने हैं। इसके अलावा अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से 4-4 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वहीं, बुरहानपुर, छतरपुर, गुना, झाबुआ, कटनी, मऊगंज, सागर, सतना, श्योपुर और उज्जैन से 3-3 विद्यार्थी चयनित हुए हैं।
11 अगस्त से 30 सितंबर तक चली ऑनलाइन प्रतियोगिता
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार और श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने बताया कि योजना के तहत ऑनलाइन प्रतियोगिता 11 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता के लिए कुल 63,736 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 58,099 प्रतिभागियों ने प्रश्नपत्र हल किया। प्रतियोगिता की अवधि के दौरान वेबसाइट पर 7,94,700 से अधिक विजिट दर्ज की गईं।
शहडोल में CM मोहन यादव ने बांटे 22.85 करोड़ रुपये के तेंदूपत्ता बोनस, विकास कार्यों पर भी बड़ा ऐलान
मेरिट सूची से लॉटरी के जरिए चुने गए 102 विजेता
श्रीराम तिवारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को दोनों वर्गों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने और न्यूनतम समय में प्रश्नपत्र हल करने वाले प्रतिभागियों में से नियमानुसार 5,514 विद्यार्थियों की मेरिट सूची तैयार की गई। इसके बाद मेरिट सूची में शामिल प्रतिभागियों में से लॉटरी के माध्यम से 102 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।
चयनित विद्यार्थियों के नाम श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की आधिकारिक वेबसाइट https://shrikrishnapatheynyas.com/ पर अपलोड कर दिए गए हैं।




















