25 साल बाद खुला 9/11 का राज! FBI के पास था संदिग्ध के वीडियो और प्लेन का स्केच, फिर भी क्यों खामोश रही एजेंसी?

अमेरिका। अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमलों को 25 साल पूरे होने वाले हैं। इस बीच एक रिपोर्ट ने उस जांच से जुड़े पुराने सबूतों को फिर चर्चा में ला दिया है। सऊदी नागरिक उमर अल-बायूमी के पास से मिले वीडियो और दस्तावेजों में ऐसे संकेत थे, जो उसके कुछ संदिग्ध संपर्कों की ओर इशारा करते थे। एक वीडियो में वह अनवर अल-अवलाकी के साथ नजर आया था, जो बाद में अरब प्रायद्वीप में अलकायदा का प्रमुख बना। उसके सामान से विमान का एक स्केच भी मिला था। हालांकि, इन सबूतों के बावजूद उस पर अमेरिका में मुकदमा नहीं चला।
पुराने वीडियो ने फिर खोले सवाल
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसियों को 9/11 हमलों के बाद मिले वीडियो में अल-बायूमी को अनवर अल-अवलाकी के साथ देखा गया था। एक अन्य वीडियो में दोनों सैन डिएगो के पास पेंटबॉल अभ्यास में नजर आए। उनके साथ सऊदी अरब के इस्लामिक मामलों के मंत्रालय से जुड़ा एक अधिकारी भी मौजूद था। इन तस्वीरों और वीडियो को पहले सार्वजनिक नहीं किया गया था। अब सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि जांच के शुरुआती दौर में इन कड़ियों को कितनी गंभीरता से देखा गया था।
पेंटबॉल सेशन पर भी उठे थे सवाल
रिपोर्ट में बताया गया है कि 1997 या 1998 के आसपास हुए पेंटबॉल अभ्यास में कुछ लोग सैन्य अंदाज के कपड़े पहने दिखाई देते हैं। जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई थी कि कुछ पेंटबॉल सेशन का इस्तेमाल जिहादी गतिविधियों की ट्रेनिंग के लिए किया जाता था। अवलाकी के अलकायदा से जुड़े लोगों से संपर्क की जानकारी भी अमेरिकी एजेंसियों के सामने आई थी। बाद में वह अलकायदा इन द अरबियन पेनिनसुला का प्रमुख बना और 2011 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया।
इंडोनेशिया में फटा ज्वालामुखी! 50 हजार फीट तक उठा राख का गुबार, 209 उड़ानें प्रभावित, 8 एयरपोर्ट बंद
बायूमी के घर से मिला था विमान का स्केच
बायूमी को 21 सितंबर 2001 को ब्रिटेन के बर्मिंघम में गिरफ्तार किया गया था। तलाशी के दौरान हजारों दस्तावेज, तस्वीरें और करीब 80 वीडियो टेप मिलने की बात सामने आई। इन्हीं सामानों में एक नोटबुक का पन्ना भी था, जिस पर विमान का स्केच बना था। स्केच के साथ विमान की ऊंचाई और दूरी से जुड़े गणितीय हिसाब भी लिखे थे। इस दस्तावेज की कॉपी अमेरिकी अधिकारियों तक पहुंची थी। बाद में एक संघीय जज ने भी माना था कि पहली नजर में यह दस्तावेज बायूमी को 9/11 हमलों की जानकारी से जोड़ने वाला सबूत हो सकता है।
9/11 के दो आरोपियों से भी जुड़ा नाम
बायूमी का नाम 9/11 की जांच में इसलिए भी आया क्योंकि उसका संबंध नवाफ अल-हाजमी और खालिद अल-मिहधर से जोड़ा गया था। दोनों उन 19 अपहरणकर्ताओं में शामिल थे, जिन्होंने 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में विमानों को हाईजैक किया था। जांच के मुताबिक, दोनों ने सैन डिएगो में कुछ समय बिताया था और बायूमी से उनका संपर्क रहा था। इसी वजह से अमेरिकी एजेंसियों ने बायूमी की गतिविधियों की जांच की।
मेक्सिको में 'बर्निंग बुल' से पटाखों में जोरदार धमाका, 10 की मौत; 60 घायल
FBI की जांच पर अब सवाल
रिपोर्ट के अनुसार, FBI के अलग-अलग अधिकारियों ने बायूमी से जुड़े सबूत और उसके संपर्कों की जानकारी जुटाने की कोशिश की थी लेकिन जांच में इन कड़ियों को किस स्तर तक आगे बढ़ाया गया, इस पर अब सवाल उठ रहे हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने उस समय बायूमी को अमेरिका लाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं होने की बात कही थी। उसे 28 सितंबर 2001 को रिहा कर दिया गया। बायूमी और सऊदी सरकार दोनों ने 9/11 हमलों में किसी भूमिका या पहले से जानकारी होने के आरोपों से इनकार किया है।



















