मेक्सिको में 'बर्निंग बुल' से पटाखों में जोरदार धमाका, 10 की मौत; 60 घायल

मेक्सिको में एक गांव के स्थानीय त्योहार के दौरान जश्न अचानक चीख-पुकार में बदल गया। यहां पुआल से बने एक 'बर्निंग बुल' के साथ जुलूस निकाला जा रहा था। बैल पर आतिशबाजी लगी हुई थी। इसी दौरान आग चर्च में रखे पटाखों के बड़े भंडार तक पहुंच गई। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास की दीवारें गिर गईं और गांव के मुख्य चौक में आग फैल गई। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा शनिवार को मध्य मेक्सिको के टेमास्कालसिंगो नगरपालिका के सांता मारिया कांचेस्डा गांव में हुआ। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पुआल से बने बैल को लेकर लोग आगे बढ़ रहे थे और उसके ऊपर व आसपास लगाए गए पटाखों से आतिशबाजी की जा रही थी।
स्थानीय परंपरा का हिस्सा था 'बर्निंग बुल'
बताया गया है कि पुआल से बने बैल के साथ आतिशबाजी करना स्थानीय परंपरा का हिस्सा है। जुलूस के दौरान बैल के ऊपर और आसपास पटाखे लगाए गए थे। आतिशबाजी के बीच अचानक पुआल के बैल में आग लग गई। इसके बाद आग तेजी से फैलते हुए गांव के चर्च में रखे पटाखों के बड़े भंडार तक पहुंच गई। पटाखों में आग लगते ही जोरदार विस्फोट हो गया। कुछ ही पलों में जश्न का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया।
धमाका इतना तेज कि गिर गईं दीवारें
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास की दीवारें गिर गईं। धमाके के बाद गांव के मुख्य चौक में भी आग फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, धमाके के बाद कुछ लोग मलबे के नीचे फंस गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीमों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए पहुंचाया।
दो पादरी भी घायल
इस हादसे में दो पादरियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। एटलाकोमुल्को नगरपालिका के डायोसिस ने इसकी जानकारी दी। बताया गया कि दोनों पादरी घायल हुए हैं, हालांकि उनकी हालत बचने लायक बताई गई है। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव का काम किया गया। वहीं, घटना के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
विस्फोट की असली वजह अभी साफ नहीं
मेक्सिको के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने बताया कि विस्फोट की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर आग किस तरह पटाखों के भंडार तक पहुंची और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ। फिलहाल अधिकारियों की ओर से घटना को लेकर जांच जारी है। इस हादसे के बाद पटाखों के इस्तेमाल और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मेक्सिको में पहले भी हुए हैं पटाखों से बड़े हादसे
मेक्सिको में पटाखों से जुड़े हादसे पहले भी जानलेवा रहे हैं। जुलाई 2018 में राजधानी मेक्सिको सिटी के उत्तर में स्थित तुल्तेपेक शहर की एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। इस हादसे में 24 लोगों की मौत हुई थी। इससे दो साल पहले भी तुल्तेपेक शहर के एक बाजार में पटाखों का विस्फोट हुआ था। उस हादसे में 42 लोगों की जान चली गई थी। अब सांता मारिया कांचेस्डा में हुए हादसे के बाद जांच एजेंसियां विस्फोट की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल हादसे में 10 लोगों की मौत और 60 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।




















