यूक्रेन के नाटो में शामिल होने को लेकर शुरू हुई थी जंग, अब साढ़े 4 साल बाद कुछ शर्तों के साथ अमेरिका ने उसी में शामिल होने का रखा प्रस्ताव

कीव। रूस और यूक्रेन के बीच जंग का मुख्य कारण यूक्रेन के नाटो में शामिल होने की कोशिश था। इसी को लेकर साढ़े चार साल बाद अमेरिका ने कुछ शर्तों के साथ कहा है कि वह यूक्रेन को नाटो में शामिल कर सकता है। इसमें मुख्य है यूक्रेन पूर्वी डोनबास से पीछे हट जाए। लेकिन यूक्रेन और रूस के रूख को देख कर लगता नहीं कि यह संभव हो सकेगा। इस शांति वार्ता में यूरोपियन यूनियन की तरफ से जर्मनी, फ्रांस और यूके भी शामिल हुए हैं।
9 महीनों में रूस-यूक्रेन के बीच पहली बातचीत
रूस और यूक्रेन ने मंगलवार को साढ़े चार साल से चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए, अमेरिका की मध्यस्थता में नौ महीनों में अपनी पहली बातचीत की। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस बैठक को बहुत उत्पादक बताया। जेलेंस्की ने कहा कि यह बातचीत रचनात्मक और काफी ठोस रही। हालांकि, इस बातचीत से लड़ाई कम होने के कोई संकेत नहीं हैं। ये बातचीत ऐसे समय में हो रही है, जब रूस और यूक्रेन दोनों की ओर से लंबी दूरी तक मार करने वाले नए हमले किए जा रहे हैं।
अबू धाबी में शांति वार्ता में दिया प्रस्ताव
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि अमेरिका ने पूर्वी डोनबास से पीछे हटने के बदले नाटो की सदस्यता की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव हाल ही में अबू धाबी में हुई शांति वार्ता के दौरान सामने आया। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार पश्चिमी देशों से ठोस सुरक्षा गारंटी को लेकर बातचीत कर रही है। अमेरिकी प्रस्ताव पर जेलेंस्की ने कहा- मैं अपने यूक्रेनी समाज से पूछूंगा कि वे क्या सोचते हैं। क्या हमें इसे स्वीकार करना चाहिए या नहीं, मुझे अकेले यह फैसला लेने का कोई अधिकार नहीं है।
यूक्रेन पर लगाई जा रही शर्तों का भी किया जिक्र
जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकियों ने एक सवाल उठाया कि अगर यूक्रेन नाटो में शामिल हो जाता है, तो क्या वह डोनबास से पीछे हट जाएगा। सरकार नाटो और यूरोपीय संघ (EU) के साथ बातचीत कर रही है। जब पश्चिमी देश इन बातों की पुष्टि कर देंगे, तभी वह इस प्रस्ताव के बारे में यूक्रेन के लोगों से पूछेंगे। जेलेंस्की ने पुतिन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके संकेत भी इस मुद्दे पर देखने होंगे।
यूरोप के सुरक्षा ढांचे में बदलाव की मांग उठाई पुतिन ने
पुतिन चाहते हैं कि यूक्रेन अपने सैनिकों को उन चार क्षेत्रों से वापस बुला ले, जिन्हें मॉस्को ने सितंबर 2022 में अपने कब्जे में लेने का दावा किया था। यह वह क्षेत्र हैं जिन पर उसका कभी भी पूरी तरह से नियंत्रण नहीं रहा। इसके अलावा उनकी मांग है कि यूक्रेन नाटो (NATO) में शामिल होने की अपनी कोशिश छोड़ दे और अपनी सेना पर कड़ी पाबंदियां स्वीकार करे। इसके साथ ही पुतिन यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका की मध्यस्थता में होने वाली नई शांति वार्ता के लिए एक शर्त के तौर पर, यूरोप के सुरक्षा ढांचे में बुनियादी बदलाव की मांग कर रहे हैं।
जेलेंस्की ने किया विरोध, कहा- युद्ध बढ़ेगा
जेलेंस्की ने चेतावनी दी कि यूरोप के सुरक्षा ढांचे को बदलने की क्रेमलिन की कोशिश से और अधिक युद्ध छिड़ सकते हैं। EU और NATO ही यूरोप की एकमात्र वास्तविक सुरक्षा हैं। यूरोप में वास्तविक सुरक्षा का मतलब EU और NATO है। यूरोप में इसके अलावा कोई और सुरक्षा नहीं है। जेलेंस्की ने अपनी जमीन स्वेच्छा से सौंपने की पुतिन की मांगों को खारिज कर दिया है। उन्होंने यूक्रेन की सेना पर किसी भी तरह की पाबंदी लगाने या पश्चिमी सहयोगियों के साथ यूक्रेन के समझौतों को सीमित करने की बात को भी ठुकरा दिया है।
यूक्रेन पर प्रेशर बनाने के लिए अमेरिका ने रूस से ऑयल डील कर ली
यूक्रेन को रूस के साथ बातचीत कराने के लिए अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने की डील कर ली। इसके पहले यूक्रेन को हथियार सप्लाई करने और उसके समर्थन के लिए अमेरिका यूक्रेन से खनिजों की डील कर चुका है। यूक्रेन के पास कुछ दुर्लभ खनिज हैं। इन खनिजों की कीमत 958 लाख करोड़ रुपए आंकी गई है।
लंबी दूरी की मिसाइलें देने से इंकार कर दिया

ट्रंप ने अपने राष्ट्रपति बनने से पहले कहा था कि वे दोनों देशों की जंग को चुटकियों में खत्म कर देंगे। लेकिन वह ऐसा करने में अब तक नाकाम रहे हैं। यूक्रेन पर प्रेशर डालने की कोशिश में उन्होंने लंबी रेंज की मिसाइलें देने से इंकार कर दिया। इनमें हमला करने वाली टॉमाहॉक और मिसाइल डिफेंस सिस्टम की पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम देने से इंकार कर दिया। स्टार लिंक के इंटरनेट सिग्नल्स की स्पीड तक धीमी करा दी अमेरिका ने।
यूरोप को नहीं है जंग खत्म होने की उम्मीद
हालांकि दोनों देशों में जंग खत्म करने की बात चल रही है लेकिन यूरोप को उम्मीद नहीं है कि यह जंग खत्म हो सकती है। यूरोप का मनना है कि पुतिन का रुख जंग को खत्म करने जैसा नही है। यूरोपियन यूनियन के स्पोक पर्सन के रूप में कजा कलास ने कहा- अब तक 30 बार रूस के साथ एग्रीमेंट हो चुका है, जिसमें रूस से कहा गया कि हमला मत करना रूस मान जाता है, लेकिन अगले ही दिन हमला कर देता है तो रूस की मंशा ही नहीं है कि वो माने।
हमला नहीं करने के लिए 1994 में हुआ था समझौता
साल 1994 में हंगरी की राजधानी बूडापेस्ट में एक समझौते पर साइन किए गए थे जिसमें कहा गया था कि रूस यूक्रेन पर हमला नहीं करेगा। इस समझौते को बेलारूस, कजाकिस्तान, रशिया ने मिलकर किया था। इसके तहत इन देशों ने न्यूक्लियर वेपन छोड़ दिए थे, यह हथियार केवल रूस के पास चले गए थे।
इन देशों ने दी थी यूक्रेन पर हमला नहीं करने की गारंटी
समझौते की शर्त यह थी कि रूस यूक्रेन पर हमला नहीं करेगा। रूस ने इसकी गारंटी दी थी। इस समझौते के समय यूके, फ्रांस, चीन और अमेरिका भी मौजूद थे। अब यही यूरोपीय देश और अमेरिका यूक्रेन को लड़ाई में मदद कर रहे हैं।
तब यूक्रेन के पास थे इतने न्यूक्लियर वेपन

- परमाणु हथियारों का त्याग: 1994 में यूक्रेन ने बुडापेस्ट मेमोरेंडम (Budapest Memorandum) पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत उसने अपनी सुरक्षा की गारंटी के बदले अपने सभी परमाणु हथियार रूस को सौंप दिए और 1996 तक देश पूरी तरह से परमाणु-हथियार मुक्त हो गया।




















