मप्र भाजपा में 16 माह बाद भी उपाध्यक्ष-मंत्री पद खाली; दिल्ली से इशारे का इंतजार, दतिया की टीम, अल्पसंख्यक मोर्चा भी अधूरा

राजीव सोनी, भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा इन दिनों संगठनात्मक अनिर्णय के लंबे दौर से रूबरू है। संभवत: यह पहला मौका है जब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा पार्टी की कमान संभालने के 16 महीने बाद भी एक प्रदेश उपाध्यक्ष और एक मंत्री पद खाली पड़ा है। अभी प्रदेश कार्यालय प्रभारी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष की हरी झंडी का लंबा इंतजार करना पड़ा। पुराने और वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि यह स्थिति पार्टी की परंपरा और संविधान की भावना से मेल नहीं खाती। पार्टी सूत्रों का कहना है यह पहला मौका है जब लंबित फैसले लगातार टलते जा रहे हैं। दतिया जिला इकाई का गठन न होना भी कई सवाल खड़े कर रहा है। उपचुनाव के दौरान तत्कालीन जिला इकाई के प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने पूरी बॉडी भंग कर दी थी। माघवेंद्र सिंह नए जिलाध्यक्ष घोषित हुए लेकिन तीन महीने में भोपाल के कई चक्कर लगा चुके बैठकें हो चुकीं लेकिन उनकी जिला टीम का ऐलान नहीं हो पा रहा।
मोर्चा-प्रकोष्ठों में भी नियुक्तियां बाकी
पिछले सप्ताह प्रदेश कार्यालय प्रभारी पद पर आरएसएस समर्थित डॉ. निशांत खरे की नियुक्ति की गई। लेकिन इस निर्णय के लिए भी दिल्ली की हरी झंडी का डेढ़ महीने इंतजार करना पड़ा। बताते हैं कि इस पद के लिए राहुल कोठारी, सुमेर सिंह सोलंकी, गौरव रणदिवे और शैलेंद्र बरुआ के भी नाम थे। पार्टी द्वारा प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष के बतौर इब्राहिम शेरानी का हाल ही में ऐलान किया गया है। उनकी प्रदेश कार्यसमिति और जिलों की इकाइयां का गठन होना बाकी है। उधर पिछले साल घोषित कुछ मोर्चा-प्रकोष्ठों में भी निचले स्तर पर अभी संगठन का परिपूर्ण होना बाकी है। विशेष आमंत्रितों की सूची जारी होने का भी अब तक इंतजार हो रहा है। प्रदेश के कई बड़े नेताओं के नामों को इसमें एडजस्ट किया जाएगा। अभी इसमें संभाग और जिलों के प्रभारियों को एडजस्ट किया जा चुका है।
16 महीने बीते, नहीं सध पाए समीकरण
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने 2 जुलाई 2025 को अध्यक्ष पद संभाला था। तीन महीने 21 दिन बाद उन्होंने अपने प्रदेश पदाधिकारियों की पहली सूची जारी की। इसमें 1 उपाध्यक्ष और 1 मंत्री का पद रिक्त होने की जानकारी भी दी गई थी। माना जा रहा था कि जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण साधने के लिए प्रदेश कार्यसमिति में दो नाम जोड़े जाएंगे, लेकिन 16 महीने बाद भी वह समीकरण नहीं सध पाया।
ये भी पढ़ें: PU Special : मप्र भाजपा में खाली पदों पर नियुक्तियों की कवायद तेज, चुनावी तैयारियों के बीच संगठन पर बढ़ा दबाव
पार्टी में परंपरा और संविधान-40 दिन में कार्यसमिति घोषित करने का रिवाज
पार्टी के पुराने पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि परंपरा और पार्टी संविधान के अनुसार अध्यक्ष द्वारा 40 दिन के भीतर अपनी कार्यसमिति घोषित करने का रिवाज रहा है। पार्टी में संभवत: यह पहला मौका है जब संगठन में इतने लंबे समय तक अनिर्णय की स्थिति सामने आई।
संगठन की गति धीमी, कार्यकर्ताओं में असमंजस
नाम न छापने की शर्त पर पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि एक समय था जब भोपाल से दिल्ली और देश भर की भाजपा के फैसले होते थे। आज नौबत यह आ गई है कि जिलों के फैसलों के लिए दिल्ली का मुंह देखा जा रहा है। इससे संगठन की गति धीमी पड़ गई है और कार्यकर्ताओं में भी असमंजस और नाराजगी दोनों बढ़ रही है।
संगठन की अपूर्णता व रिक्तता कमजोरी की प्रतीक
इस बारे में वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा का कहना है कि भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है। निर्वाचित अध्यक्ष परामर्श से संगठनात्मक और रचनात्मक निर्णय लेने को स्वतंत्र व सक्षम हैं। पार्टी स्ट्रक्चर का गठन अध्यक्ष ही करता है। संगठन में लंबे समय तक कहीं कोई अपूर्णता अथवा रिक्तता कमजोरी की प्रतीक है। आनुषांगिक मोर्चा-प्रकोष्ठ भी यदि परिपूर्ण है तो निश्चित ही सक्रियता, त्वरित निर्णय और कामकाज की गति तेज होगी ही।
उपाध्यक्ष-मंत्री का पद शीघ्र भरा जाएगा
नियुक्तियों में हो रही देरी को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कार्यसमिति में एक उपाध्यक्ष और एक मंत्री का पद रिक्त छोड़ा गया था। इन्हें जल्दी ही भरा जाएगा।




















