अमेरिका में अचानक थमीं हवाई सेवाएं, हजारों यात्री परेशान; FAA की तकनीकी खराबी ने बिगाड़ा पूरा फ्लाइट शेड्यूल!

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी ने हवाई सफर को बुरी तरह प्रभावित किया। FAA ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देशभर के एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी। इस परेशानी से हजारों उड़ानों में देरी हुई और कई विमान दूसरे एयरपोर्ट की ओर भेजे गए।
अमेरिका में अचानक थमीं हवाई सेवाएं, हजारों यात्री परेशान; FAA की तकनीकी खराबी ने बिगाड़ा पूरा फ्लाइट शेड्यूल!
अमेरिका में उड़ानें रुकीं, यात्री परेशान

वॉशिंगटन। अमेरिका में शुक्रवार को हवाई सेवाओं पर अचानक ब्रेक लग गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों के बीच संपर्क व्यवस्था में खराबी आने के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर के एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमानों को रोकने का आदेश दिया। इस फैसले से यात्रियों की यात्रा योजनाएं बिगड़ गईं। कई फ्लाइट्स रद्द हुईं, जबकि सैकड़ों विमानों को अपना रास्ता बदलना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, इस तकनीकी गड़बड़ी का असर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी देखने को मिला।

X Post

अचानक क्यों रोकनी पड़ीं अमेरिका की उड़ानें?

अमेरिका में हवाई सेवाएं प्रभावित होने की मुख्य वजह एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों की संचार व्यवस्था में आई खराबी बताई गई। इन केंद्रों के जरिए विमानों को रास्ता बताया जाता है और उनकी आवाजाही पर नजर रखी जाती है। जब इन केंद्रों के बीच संपर्क में परेशानी आई तो विमान संचालन मुश्किल हो गया। ऐसे में FAA ने एहतियात के तौर पर उड़ानों पर रोक लगाने का फैसला किया। तकनीकी टीमें इस समस्या को ठीक करने में जुट गईं।

22 एयर ट्रैफिक सेंटरों पर पड़ा असर

इस गड़बड़ी का असर अमेरिका के सभी 22 एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों पर पड़ा। ये केंद्र अलग-अलग इलाकों में उड़ानों को सुरक्षित तरीके से चलाने में मदद करते हैं। विमानों को एयरपोर्ट तक पहुंचाने से लेकर उनके रास्ते तय करने तक की जिम्मेदारी इन्हीं केंद्रों की होती है। संचार व्यवस्था बिगड़ने से पूरे हवाई नेटवर्क का काम प्रभावित हुआ। यही वजह रही कि FAA को देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी।

ईरान पर फिर हमले की तैयारी में इजरायल? नेतन्याहू का संदेश लेकर अमेरिका पहुंचे मोसाद चीफ, ट्रंप पर दबाव की चर्चा

हजारों फ्लाइट्स प्रभावित, यात्री हुए परेशान

फ्लाइट ट्रैकिंग से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, इस तकनीकी खराबी के कारण करीब 7 हजार उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें देरी से चलने वाली और रद्द की गई फ्लाइट्स शामिल थीं। वहीं, विमानन आंकड़ों के अनुसार 600 से ज्यादा विमानों को अपना रास्ता बदलना पड़ा। कुछ विमान वापस उसी एयरपोर्ट पर लौटे, जहां से उन्होंने उड़ान भरी थी, जबकि कई को दूसरे एयरपोर्ट पर उतारा गया। इससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

क्या साइबर हमले की वजह से आई खराबी?

अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि शुरुआती जानकारी में किसी जानबूझकर किए गए हमले का संकेत नहीं मिला है। उन्होंने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि सभी विमानों का रिकॉर्ड मौजूद है और लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि यह घटना 9/11 जैसे हमले से जुड़ी नहीं है। अधिकारियों ने तकनीकी खराबी के सभी कारणों की जांच शुरू कर दी है।

AI तकनीक को लेकर भी उठे सवाल

इस मामले की जांच में नए AI टूल की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। ये टूल एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की मदद के लिए तैयार किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता। हालांकि, अभी तक AI टूल को इस खराबी की वजह बताने वाला कोई पक्का सबूत सामने नहीं आया है।

20 घंटे तक ठप रहने के बाद माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सर्विस बहाल, 74 देशों के लाखों बिजनेस हुए प्रभावित

एयर इंडिया ने यात्रियों को दी सलाह

अमेरिका में उड़ानों की परेशानी को देखते हुए एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। एयरलाइन ने अमेरिका आने-जाने वाले लोगों से कहा कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर देख लें। कंपनी ने बताया कि उसकी टीमें हालात पर नजर रख रही हैं। वहीं, अधिकारियों के मुताबिक, उड़ानों पर लगी रोक हटने के बाद भी सभी सेवाओं को सामान्य होने में कुछ घंटे लग सकते हैं।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts