Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जेन्सेन हुआंग की वापसी के लिए बढ़ा समर्थन, एलन मस्क ने भी की याचिका पर हस्ताक्षर की घोषणा  

एनवीडिया के पूर्व CEO के इस्तीफे के बाद कर्मचारियों और टेक दिग्गजों में नाराजगी, बोर्ड से पुनर्विचार की मांग तेज
जेन्सेन हुआंग की वापसी के लिए बढ़ा समर्थन, एलन मस्क ने भी की याचिका पर हस्ताक्षर की घोषणा   
जेन्सेन हुआंग और एलन मस्क (फाइल फोटो)।

न्यूयॉक। एनवीडिया के पूर्व प्रमुख जेन्सेन हुआंग को वापस लाने की मांग अब तेज हो गई है। उनके पद छोड़ने के बाद टेक इंडस्ट्री के दिग्गजों, कर्मचारियों और कई राजनीतिक हस्तियों ने उनके पक्ष में आवाज उठाई है। इस मुहिम में अब टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क का नाम भी जुड़ गया है। मस्क ने कहा कि वह हुआंग की वापसी के लिए चल रही याचिका पर हस्ताक्षर करेंगे। वायर्ड (WIRED) की रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया के बोर्ड से कर्मचारियों की भावनाओं पर ध्यान देने की अपील वाली एक आंतरिक पोस्ट पर 1,600 से ज्यादा टिप्पणियां आई हैं। यह पोस्ट हुआंग के इस्तीफे से पहले एक वरिष्ठ इंजीनियर ने लिखी थी। बताया जा रहा है कि ज्यादातर टिप्पणियों में हुआंग को वापस लाने की मांग की गई है। हुआंग ने एक महिला के साथ अपने संबंधों को स्वीकार करने के बाद अपने पद से इस्तीफा दिया था। आरोप है कि उस महिला के चीनी खुफिया एजेंसियों से संपर्क थे। 

यह भी पढ़ें: एडवांस मिसाइलों, ड्रोन और कई हथियार बनाने में होता है हाई क्वालिटी AI चिप्स का उपयोग, संभवत: इसीलिए चीन ने कराई एनवीडिया की जासूसी 

कंपनी में भी वापस लाने की मांग

एनवीडिया के अंदर भी हुआंग के लिए जबरदस्त समर्थन देखने को मिल रहा है। कंपनी के कर्मचारियों का मानना है कि जिस व्यक्ति ने एनवीडिया को दुनिया की सबसे प्रभावशाली टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक बनाया, उसे इस तरह नहीं खोना चाहिए। मस्क ने X पर पोस्ट कर हुआंग के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया। इसके साथ ही वह उन बड़े नामों की सूची में शामिल हो गए हैं जो पूर्व CEO की वापसी चाहते हैं। मस्क इससे पहले भी हुआंग का बचाव कर चुके हैं और अपनी कंपनियों में उनके साथ काम करने की इच्छा जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि हुआंग के साथ काम करना उनके लिए सम्मान की बात होगी।

सोशल मीडिया पर चल रहा समर्थन में पत्र

सोशल मीडिया पर एक और पत्र भी वायरल हो रहा है, जो एनवीडिया के सैकड़ों कर्मचारियों की ओर से लिखा गया है। इसमें हुआंग की वापसी की मांग की गई है और कहा गया है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो कर्मचारी कंपनी छोड़कर स्पेसएक्स के चिप प्रोजेक्ट में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस दस्तावेज की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है। इस पत्र की भाषा काफी हद तक 2023 में लिखे गए उस कर्मचारी पत्र से मिलती-जुलती है, जिसमें ओपनएआई से हटाए जाने के दौरान सैम ऑल्टमैन का समर्थन किया गया था। इस समानता के कारण दस्तावेज के स्रोत पर सवाल उठ रहे हैं।

एक कर्मचारी ने लिखा- पुराना लीडर वापस चाहिए

गुमनाम कर्मचारी ने हुआंग की बहाली की मांग करते हुए कहा कि कंपनी को अपने पुराने लीडर की जरूरत है। एक अन्य कर्मचारी ने इस एग्जीक्यूटिव को एक और मौका देने का सुझाव दिया। वहीं, एक कर्मचारी ने पूरी कंपनी को ईमेल भेजकर हुआंग के पक्ष में अपना समर्थन जताया। आंतरिक समर्थन के साथ-साथ सार्वजनिक स्तर पर भी कई अभियान चल रहे हैं। 12 नवंबर को Change.org पर “जेन्सेन हुआंग को एनवीडिया के CEO के रूप में वापस लाएं” नाम से एक याचिका शुरू हुई। इसे शुरू करने वाले मोहम्मद अदानी ने खुद को एनवीडिया का शेयरधारक बताया है। शुक्रवार शाम तक इस अभियान को 170 सत्यापित हस्ताक्षर मिल चुके थे।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts