PlayBreaking News

उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से तबाही... खीर गंगा में बहा गांव, अब तक 4 की मौत, 50 से ज्यादा लापता

- गंगोत्री धाम से महज 10 किमी दूर धराली में विनाशकारी दृश्य, SDRF-NDRF और सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Follow on Google News
उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से तबाही... खीर गंगा में बहा गांव, अब तक 4 की मौत, 50 से ज्यादा लापता
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार दोपहर 1:45 बजे बादल फटने से भारी तबाही मच गई। खीर गंगा नदी में अचानक आए सैलाब और मलबे ने महज 34 सेकेंड में पूरे गांव को बहा दिया। इस हृदयविदारक हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 50 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

    चीख-पुकार के बीच बह गए मकान और दुकानें

    घटना के दौरान जैसे ही लोगों ने पहाड़ों से आता हुआ मलबा और पानी देखा, पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग भागने की कोशिश में थे लेकिन सैलाब की रफ्तार ने किसी को मौका नहीं दिया। कई होटल, होमस्टे और दुकानें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं और बह गईं। धराली का पूरा बाजार तबाह हो चुका है। घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें मलबे की भयावहता साफ नजर आ रही है।

    रेस्क्यू में जुटी सेना, SDRF, NDRF की टीमें

    हादसे के तुरंत बाद SDRF, NDRF और पुलिस के साथ भारतीय सेना की 150 सदस्यीय टुकड़ी राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। सेना की टीम हर्षिल कैंप से मात्र 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई और अब तक 15-20 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए हर्षिल के सेना चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है।

    उत्तराखंड सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर 

    Uploaded media

     

    रेस्क्यू में सबसे बड़ी चुनौती बना मौसम

    SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। भारी मलबा और बहाव राहत कार्य में बाधा बन रहा है। इसके अलावा रात में तापमान गिरने से भी हालात और मुश्किल हो जाते हैं। धराली का इलाका भूगर्भीय रूप से संवेदनशील है, जिससे राहत अभियान और भी जटिल हो गया है।

    Twitter Post

    पीएम मोदी और सीएम धामी की प्रतिक्रिया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक जताया और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली। पीएम मोदी ने कहा कि राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री धामी ने आश्वासन दिया कि प्रभावितों को हरसंभव सहायता दी जाएगी और हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है।

    हिमालय की गोद में बसा नाजुक पर्यटक स्थल

    धराली गांव उत्तरकाशी जिले में स्थित एक प्रसिद्ध पर्यटन और तीर्थ स्थल है, जो गंगोत्री धाम से सिर्फ 10 किमी और देहरादून से 218 किमी दूर है। यह क्षेत्र चारधाम यात्रा मार्ग में आता है, जिस वजह से यहां कई होटल, रेस्टोरेंट और होमस्टे मौजूद हैं। धराली को "मां गंगा का मायका" भी कहा जाता है, क्योंकि गंगोत्री मंदिर के बंद होने पर मां गंगा की मूर्ति मुखबा गांव लाई जाती है, जो धराली के पास ही है।

    Uploaded media

    प्राकृतिक आपदाओं को लेकर चेतावनी

    उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र लगातार प्राकृतिक आपदाओं की चपेट में है। उन्होंने इस पर राष्ट्रीय स्तर पर गहरी सोच और नीति की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके या नुकसान को कम किया जा सके।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts