IAS पूजा खेडकर के घर रहस्यमयी कांड...नेपाल से आया, मां-बाप को बेहोश किया, सारे मोबाइल फोन चुरा ले गया वो

बर्खास्त IAS पूजा खेडकर ने अपने घर में रहस्यमयी चोरी का आरोप लगाया है। पूजा का आरोप है कि नेपाल से आए एक नौकर ने उनके माता-पिता को बेहोश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
नेपाल से आया, मां-बाप को बेहोश किया, सारे मोबाइल फोन चुरा ले गया वो
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पुणे। अपने विवादों के कारण चर्चा में रहीं और फिर बर्खास्त हुई IAS पूजा खेडकर के घर शनिवार देर रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को चौंका दिया। खेडकर परिवार के बंगले में हुई चोरी न केवल असामान्य रही, बल्कि इसके तौर-तरीकों ने पुलिस को भी सतर्क कर दिया है। पूर्व IAS पूजा खेडकर ने इस घटना की सूचना चतुश्रृंगी पुलिस स्टेशन को दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

    आठ दिन पहले रखा था काम पर

    पुलिस के अनुसार, खेडकर परिवार बनर रोड स्थित एक बड़े बंगले में रहता है, जहां रोजमर्रा के काम के लिए कई घरेलू सहायक तैनात हैं। संदेह उस नौकर पर जताया जा रहा है, जो सिर्फ आठ दिन पहले नेपाल से आया था और हाल ही में उसे काम पर रखा गया था। आरोप है कि इसी नौकर ने पूजा खेडकर के माता-पिता दिलीप खेडकर और मनोरमा खेडकर को नशीली दवा दी, जिससे दोनों बेहोश हो गए।

    मशक्कत के बाद खोल पाईं दरवाजा

    पूजा खेडकर का दावा है कि आरोपी ने उन्हें भी बांध दिया और फिर परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया। पूजा ने पुलिस को बताया कि काफी मशक्कत के बाद वह दरवाजे की कुंडी की मदद से खुद को मुक्त कराने में सफल रहीं। इसके बाद उन्होंने घर में मौजूद एक अन्य फोन से पुलिस को घटना की जानकारी दी।

    बेहोशी की हालत में मिले थे माता-पिता

    सूचना पर चतुश्रृंगी पुलिस की टीम बंगले पर पहुंची। वहां दिलीप और मनोरमा खेडकर बेहोशी की हालत में मिले, जिन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक अब दोनों की हालत स्थिर है। पुलिस का कहना है कि पूजा खेडकर ने फिलहाल लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने बताया है कि मानसिक रूप से खुद को बेहतर महसूस करने के बाद ही वह औपचारिक बयान देंगी। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोबाइल फोन के अलावा घर से कोई और सामान चोरी हुआ है या नहीं। घटना शनिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे की बताई जा रही है। पुलिस संदिग्ध नौकर की तलाश में जुटी है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

    Latest Posts