Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिका में विदेशी छात्रों के दाखिले 9% घटे, भारतीय छात्रों की संख्या में भी गिरावट; वीजा और सख्त नीतियों का असर

अमेरिका के विश्वविद्यालयों में विदेशी छात्रों के दाखिले में इस साल 9 प्रतिशत की गिरावट आई है। भारत से आने वाले छात्रों की संख्या भी घटी है। वीजा प्रक्रिया, यात्रा प्रतिबंध और OPT कार्यक्रम को लेकर चिंता बढ़ी।
अमेरिका में विदेशी छात्रों के दाखिले 9% घटे, भारतीय छात्रों की संख्या में भी गिरावट; वीजा और सख्त नीतियों का असर
अमेरिका में विदेशी छात्रों के दाखिले 9% घटे

अमेरिकी प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों और उच्च शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों का असर अब वहां के विश्वविद्यालयों में विदेशी छात्रों के दाखिले पर दिखाई देने लगा है। इस साल अमेरिका के विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों की कुल संख्या पिछले साल के मुकाबले 9 प्रतिशत कम रही है। वहीं पहली बार पढ़ाई के लिए अमेरिका पहुंचने वाले नए विदेशी छात्रों की संख्या में 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन (IIE) के एक सर्वेक्षण में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत से अमेरिका पढ़ाई के लिए जाने वाले छात्रों की संख्या में भी कमी आई है। भारत अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों का सबसे बड़ा स्रोत देश है।

अमेरिका अब छात्रों और परिवारों को लग रहा असुरक्षित

अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ यूनिवर्सिटी प्रोफेसर्स की मुख्य लीगल एडवाइजर वीणा दुबल ने कहा कि अब परिवार अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए अमेरिका भेजने से हिचक रहे हैं। समाचार एजेंसी PTI से बातचीत में उन्होंने कहा कि अमेरिका अब असुरक्षित जगह जैसा महसूस होता है। उनके मुताबिक ट्रंप प्रशासन दुनिया भर के परिवारों को यही संदेश दे रहा है और वे इसे गंभीरता से ले रहे हैं।

OPT कार्यक्रम में भी छात्रों की भागीदारी घटी

पिछले साल विदेशी छात्रों के दाखिले में आई गिरावट की कुछ हद तक भरपाई उन छात्रों से हुई थी, जिन्होंने पढ़ाई पूरी करने के बाद अस्थायी रूप से काम करने के लिए अमेरिका में रुकने का विकल्प चुना था। इसके लिए अमेरिका में ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) कार्यक्रम की सुविधा उपलब्ध है। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय छात्रों को अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में सीमित अवधि तक काम करने का अवसर देता है। हालांकि कई महीनों की अटकलों के बाद अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्रालय ने OPT कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रत्येक छात्र के लिए शिक्षण संस्थानों पर 70,000 अमेरिकी डॉलर का शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्तावित नियम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। इसके बावजूद सर्वेक्षण के मुताबिक इस साल OPT कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों की संख्या में 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

88% संस्थानों ने वीजा प्रक्रिया को बताया जिम्मेदार

इस साल 800 से अधिक अमेरिकी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के बीच किए गए सर्वेक्षण में विदेशी छात्रों के दाखिले में कमी के पीछे वीजा प्रक्रिया को प्रमुख कारण बताया गया है। सर्वेक्षण के अनुसार 88 प्रतिशत संस्थानों ने वीजा आवेदन प्रक्रिया को विदेशी छात्रों की संख्या घटने की वजह माना। वहीं 70 प्रतिशत संस्थानों ने यात्रा संबंधी प्रतिबंधों को भी इसके लिए जिम्मेदार बताया। सर्वेक्षण में यह भी सामने आया कि 95 प्रतिशत शिक्षण संस्थानों का अनुमान है कि यदि OPT कार्यक्रम के तहत उपलब्ध अवसर सीमित किए जाते हैं तो विदेशी छात्र पढ़ाई के लिए अमेरिका के बजाय दूसरे देशों का रुख कर सकते हैं।

UK में भारतीय छात्रों की बढ़ी मुश्किलें! यूनिवर्सिटीज वापस ले रहीं एडमिशन ऑफर, जानिए वजह

चीन जैसे देशों की ओर बढ़ रहा छात्रों का रुझान

अंतरराष्ट्रीय शिक्षा से जुड़े संगठन नाफ्सा (NAFSA) की कार्यकारी निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी फांटा ऑ ने कहा कि विदेशी छात्र रिसर्च के लिए मिलने वाली फंडिंग को लेकर भी चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि छात्र अब चीन जैसे देशों की ओर भी रुख कर रहे हैं।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts