रायसेन मंडी में 20 लाख रुपए की लूट का खुलासा, पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन कृषि उपज मंडी में लूट की वारदात का खुलासा हुआ है। गल्ला व्यापारी मनोज राठौर की दुकान से करीब 20 लाख रुपए लूटे गए थे। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
10 पुलिस टीमों ने की जांच
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 10 टीमें लगाई थीं। तीन से चार दिनों तक लगातार दिन-रात जांच की गई। पुलिस टीमों ने शहर और आसपास के हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर निकला आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वारदात में शिवा गौर शामिल था। वह पहले व्यापारी की दुकान पर कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। शिवा रायसेन के पास स्थित बनगवां गांव का निवासी है। उसने करीब पांच महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। शिवा ने अपने साले घनश्याम कीर के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घनश्याम रायसेन में रहता है।
रायसेन कृषि मंडी में सनसनीखेज लूट, अकाउंटेंट को बंधक बनाकर ईंट से किया हमला; एक आंख को गंभीर नुकसान
मुंशी को बंधक बनाकर की मारपीट
दोनों आरोपियों ने मंडी स्थित दुकान पर धावा बोला था। वहां मौजूद मुंशी पदम सिंह यादव को बंधक बनाया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की और करीब 20 लाख रुपए लूट लिए। हमले में घायल मुंशी का भोपाल में उपचार जारी है।
डीवीआर फुटेज नहीं मिलने पर भी जारी रही जांच
वारदात के बाद पुलिस को घटनास्थल से डीवीआर फुटेज नहीं मिले थे। शुरुआती जांच में भी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बावजूद पुलिस ने जांच जारी रखी। अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की गई। इसके बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
कटनी में दुकान की दीवार तोड़कर चोरी, 3 लाख की नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान ले उड़े चोर
आईजी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
नर्मदापुरम रेंज के आईजी चंद्रशेखर शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं। इसमें गिरफ्तारी, घटनाक्रम और लूटी गई रकम की बरामदगी की जानकारी दिए जाने की संभावना है।




















