पाकिस्तान को झटका; BLA का नया कमांडर-इन-चीफ बना पाकिस्तानी सेना का पूर्व कैप्टन रहमान गुल

इस्लामाबाद। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान को चौंकावाला कदम उठाते हुए पाकिस्तान सेना के पूर्व कैप्टन रहमान गुल को संगठन का नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया है। BLA के इस कदम के बाद क्षेत्र की सुरक्षा एजेंसियां इस अप्रताशित घटनाक्रम पर नजर रख रही हैं। खास तौर पर यह देखा जा रहा है कि नेतृत्व में हुए इस बदलाव का बलूचिस्तान में BLA की गतिविधियों, उसकी कार्यशैली और हमलों की गति पर क्या असर पड़ता है। संगठन में 'उस्ताद मुरीद' और 'मुरीद बलूच' के नाम से पहचाने जाने वाले रहमान गुल की इस नियुक्ति को सुरक्षा विशेषज्ञ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम मान रहे हैं।
BLA के नेतृत्व में बदलाव का रणनीतिक महत्व
पाकिस्तान के खुफिया और रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान सेना में काम कर चुके किसी पूर्व अधिकारी को संगठन का सर्वोच्च नेतृत्व सौंपना BLA के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो सकता है। माना जा रहा है कि संगठन पाकिस्तान के खिलाफ अपने सैन्य अनुभव का इस्तेमाल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसकी सोच पाकिस्तान को उसी की रणनीति के आधार पर जवाब देने से जुड़ी हुई है। रहमान गुल की सैन्य पृष्ठभूमि के कारण संगठन को पाकिस्तानी सेना की कार्यप्रणाली, लॉजिस्टिक्स और विद्रोह-विरोधी रणनीतियों की बेहतर समझ मिलने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक नियमित सैन्य व्यवस्था में काम करने का उसका अनुभव संगठन की रणनीतिक सोच को प्रभावित कर सकता है।
पाकिस्तान की 19वीं फ्रंटियर फोर्स से BLA के शीर्ष पद तक का सफर
सेना छोड़ने के बाद गुल ने बलूच अलगाववादी आंदोलन में अपनी जगह बनाई और धीरे-धीरे संगठन के महत्वपूर्ण पदों तक पहुंच गया। BLA के शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने से पहले वह संगठन में दूसरे नंबर का कमांडर था। रहमान गुल मूल रूप से नोशकी का रहने वाला है और उसका संबंध एक प्रमुख मेंगल परिवार से है। पाकिस्तान सेना में अपनी सेवाओं के दौरान वह 19वीं फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में कमीशन अधिकारी के पद पर तैनात रह चुका है। BLA में रहते हुए उसने 'मजीद ब्रिगेड' के ऑपरेशनल ट्रेनर के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मजीद ब्रिगेड संगठन की एक विशेष आत्मघाती इकाई है, जिस पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर कई बड़े हमलों में शामिल होने की जिम्मेदारी रही है।
जानें क्या है बलूच लिबरेशन आर्मी
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) एक सशस्त्र जातीय-राष्ट्रवादी समूह है। यह पाकिस्तान से बलूचिस्तान क्षेत्र की स्वतंत्रता की वकालत करता है। BLA का कहना है कि वह एक धर्मनिरपेक्ष, जातीय-राष्ट्रवादी संगठन है, न कि कोई धार्मिक विचारधारा वाला समूह। इसका मुख्य लक्ष्य बलूचिस्तान में एक स्वतंत्र बलोच राज्य की स्थापना करना है। बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा और खनिज संपदा से संपन्न राज्य है।




















