Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लंदन में भारतीय रेस्टोरेंट के बाहर बवाल, हलाल मीट नहीं बेचने पर सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन; मालिक गिरफ्तार

लंदन के भारतीय रेस्टोरेंट सिंह्स डाइनिंग में हलाल मीट नहीं बेचने पर विवाद हो गया। बाहर सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने मालिक हरमन सिंह कपूर को गिरफ्तार किया।
लंदन में भारतीय रेस्टोरेंट के बाहर बवाल, हलाल मीट नहीं बेचने पर सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन; मालिक गिरफ्तार
हलाल मीट विवाद में मालिक हरमन सिंह कपूर गिरफ्तार

लंदन में एक भारतीय रेस्टोरेंट में हलाल मीट नहीं बेचने का फैसला विवाद की वजह बन गया है। ब्रिटेन की राजधानी लंदन में स्थित 'सिंह्स डाइनिंग' रेस्टोरेंट के बाहर शुक्रवार, 13 नवंबर की रात सैकड़ों लोग जमा हो गए। प्रदर्शनकारी रेस्टोरेंट के मालिक के उस फैसले का विरोध कर रहे थे, जिसमें उन्होंने हलाल खाना बेचने से इनकार किया था। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने रेस्टोरेंट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और भीड़ को अंदर जाने से रोका। इस विवाद के बीच रेस्टोरेंट के मालिक हरमन सिंह कपूर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कपूर ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस पर परिवार और कारोबार की सुरक्षा के लिए मदद नहीं करने का आरोप भी लगाया। अब यह मामला ब्रिटेन में चर्चा का विषय बना हुआ है।

लंदन में भारतीय रेस्टोरेंट के बाहर क्यों हुआ प्रदर्शन?

यह पूरा विवाद लंदन के हैमरस्मिथ इलाके में स्थित भारतीय रेस्टोरेंट 'सिंह्स डाइनिंग' से जुड़ा है। इस रेस्टोरेंट को पहले रंगरेज के नाम से जाना जाता था। रेस्टोरेंट के बाहर एक बोर्ड लगाया गया था, जिस पर मार्कर से लिखा था- 'हमें गर्व है कि हम हलाल नहीं बेचते।' रेस्टोरेंट के इस संदेश के सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया। शुक्रवार 13 नवंबर की शाम को फुलहम पैलेस रोड पर स्थित रेस्टोरेंट के बाहर धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जमा होने लगी। कुछ ही देर में वहां सैकड़ों प्रदर्शनकारी पहुंच गए। प्रदर्शनकारी रेस्टोरेंट के हलाल मीट नहीं बेचने के फैसले का विरोध कर रहे थे। इसके बाद मामला सोशल मीडिया से निकलकर सड़क तक पहुंच गया।

रेस्टोरेंट के बाहर सैकड़ों लोग जमा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

शुक्रवार रात प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया। रेस्टोरेंट के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों ने एक लाइन बनाई, ताकि प्रदर्शनकारी अंदर प्रवेश न कर सकें। इसके अलावा प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात किए गए थे।

कौन हैं रेस्टोरेंट के मालिक हरमन सिंह कपूर?

सिंह्स डाइनिंग रेस्टोरेंट के मालिक का नाम हरमन सिंह कपूर बताया जा रहा है। रेस्टोरेंट के बाहर हलाल मीट नहीं बेचने का संदेश लगाए जाने के बाद वह विवादों में आ गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शन के बाद कपूर को गिरफ्तार किया गया। उनकी गिरफ्तारी की जानकारी खुद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके दी। वीडियो में पुलिस अधिकारी उन्हें पुलिस वैन में ले जाते दिखाई दे रहे हैं। कपूर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें सुबह उनके ही घर से गिरफ्तार किया गया और वह फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।

हरमन सिंह कपूर ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

गिरफ्तारी के बाद हरमन सिंह कपूर ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही पुलिस को अपने परिवार और रेस्टोरेंट की सुरक्षा को लेकर चिंता बताई थी। लगातार मिल रही परेशानियों के बीच उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। इसके बावजूद उन्हें अपने घर से गिरफ्तार किया गया। कपूर की गिरफ्तारी के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।

क्या होता है हलाल खाना?

लंदन के इस मामले को समझने के लिए हलाल खाने का मतलब जानना भी जरूरी है। हलाल अरबी भाषा का शब्द है, जिसका मतलब होता है- इस्लामी नियमों के अनुसार जायज या स्वीकार्य। खाने-पीने के मामले में इसका इस्तेमाल खासतौर पर मांस के लिए किया जाता है। इस्लाम में जानवरों को एक निर्धारित धार्मिक प्रक्रिया के तहत काटा जाता है। इसी प्रक्रिया से तैयार किए गए मांस को हलाल मीट कहा जाता है। दूसरी ओर, कुछ लोग अपनी धार्मिक मान्यताओं, व्यक्तिगत पसंद या अन्य कारणों से हलाल मीट का सेवन नहीं करते। ऐसे में कई रेस्टोरेंट ग्राहकों को अलग-अलग तरह के खाने के विकल्प देते हैं।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts