चीन का 10 टन वजनी इलेक्ट्रिक विमान CE-25A अब पायलट के साथ उड़ा, ग्रीन एविएशन में बड़ी छलांग

बीजिंग। चीन ने पर्यावरण के अनुकूल विमानन के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है। कमर्शियल एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन ऑफ चाइना यानी COMAC के इलेक्ट्रिक विमान CE-25A ने पहली बार पायलट के साथ उड़ान भरकर नया रिकॉर्ड बनाया है। यह उड़ान पूर्वी चीन के शेडोंग प्रांत के बिनझोऊ शहर में हुई। इसमें 19 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। इसका अधिकतम टेकऑफ वजन 10 टन है। इस विमान की क्रूजिंग स्पीड 300 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह 2,400 मीटर की ऊंचाई पर उड़ सकता है और इसकी रेंज 400 किलोमीटर है। इस परियोजना में COMAC के साथ बैटरी बनाने वाली प्रमुख कंपनी CATL, शंघाई जिओ टोंग यूनिवर्सिटी और कई अन्य साझेदार शामिल हैं। ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, CE-25A, COMAC का पहला इलेक्ट्रिक कमर्शियल विमान है, जिसे शहरों के बीच उड़ानों के लिए तैयार किया गया है।
16 मिनट में 60 किलोमीटर दूरी तय की
इंजीनियरों ने बताया कि उड़ान के दौरान सभी सिस्टम सामान्य रहे और विमान का प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार रहा। सरकारी प्रसारक CCTV ने जानकारी दी कि इस परीक्षण उड़ान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर सवार थे। कंपनी के मुताबिक पूरा परीक्षण सत्र 57 मिनट 46 सेकंड तक चला। इस दौरान विमान 16 मिनट से ज्यादा समय तक हवा में रहा और उसने कुल 60.4 किलोमीटर की दूरी पूरी की।
कई महीने बिना पायलट के परीक्षण
इस सफलता से पहले CE-25A ने कई महीनों तक बिना पायलट के परीक्षण किए थे। इस विमान ने 2 फरवरी को पहली बार बिना पायलट के उड़ान भरी थी। इंसानों को लेकर उड़ने की अनुमति मिलने से पहले इसने कुल 19 ऑटोनॉमस टेस्ट फ्लाइट्स पूरी की थीं। चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन CAAC ने इसके टाइप सर्टिफिकेट के आवेदन को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। किसी भी कमर्शियल यात्री विमान के आम लोगों के नियमित इस्तेमाल के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य होती है।
जानें कैसे अलग है इसका इंजन
पारंपरिक यात्री विमान ईंधन से चलने वाले जेट इंजन या टर्बोप्रॉप इंजन पर निर्भर होते हैं। वहीं, CE-25A में डिस्ट्रिब्यूटेड इलेक्ट्रिक डक्टेड-फैन प्रोपल्शन सिस्टम का उपयोग किया गया है। इसके पंखों पर लगे कई इलेक्ट्रिक फैन विमान को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी थ्रस्ट पैदा करते हैं। ये फैन इलेक्ट्रिक मोटरों से चलते हैं। यह मोटर विमान के बैटरी सिस्टम से ऊर्जा लेती हैं। यह व्यवस्था प्रोपल्शन को केवल एक इंजन पर निर्भर रखने के बजाए पूरे पंखों पर फैला देती है।




















