Thailand Phuket Fire: थाईलैंड के फुकेट में भीषण आग से 11 लोगों की मौत, 36 घायल; कई इमारतें जलकर खाक

थाईलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल फुकेट में सोमवार, 16 नवंबर की सुबह भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। फुकेट के पातोंग इलाके में एक कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग ने देखते ही देखते आसपास की इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 36 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फुकेट में सुबह 3:20 बजे लगी आग
यह हादसा दक्षिणी थाईलैंड के फुकेट प्रांत के काथू जिले में हुआ। यहां के पातोंग पर्यटन क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 3:20 बजे फांग मुआंग साई कोर रोड पर स्थित एक व्यावसायिक इमारत में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मोटरसाइकिल किराए पर देने का कारोबार होता था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर लोगों के रहने की व्यवस्था थी। आग लगने के कुछ ही देर बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया। देर रात और सुबह के समय लोग इमारतों के अंदर मौजूद थे। ऐसे में आग ने कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं दिया। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए इमारतों में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की गई।
मोटरसाइकिलों में रखे पेट्रोल से तेजी से फैली आग
फुकेट में आग इतनी तेजी से फैलने की एक बड़ी वजह इमारत में मौजूद ज्वलनशील सामान बताया जा रहा है। जिस बिल्डिंग में आग लगी, वहां मोटरसाइकिल किराए पर देने का कारोबार था। यहां कई मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। इसके अलावा पेट्रोल, रबर के टायर और दूसरे ज्वलनशील पदार्थ भी मौजूद थे। इन चीजों के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग से उठने वाला घना धुआं आसपास की इमारतों तक पहुंच गया। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में करीब तीन इमारतें प्रभावित हुईं। इनमें लगभग पांच व्यावसायिक इकाइयां शामिल थीं।
आग से 11 लोगों की मौत, 36 से ज्यादा घायल
पटांग पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, इस भीषण आग में अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 36 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में ज्यादातर लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई। आग से उठे घने धुएं ने इमारत के अंदर मौजूद लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल कर दिया था। हादसे में घायल लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। स हादसे में केवल इमारतों को ही नुकसान नहीं पहुंचा, बल्कि दुकान के बाहर खड़ी कई मोटरसाइकिलें भी जलकर खाक हो गईं।
40-50 मिनट में आग पर पाया गया काबू
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास किए। पुलिस के मुताबिक, करीब 40 से 50 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। सुबह करीब 5:15 बजे तक इलाके में आग बुझाने का काम काफी आगे बढ़ चुका था। हालांकि, आग बुझने के बाद भी राहत और बचाव कार्य जारी रहा। अधिकारियों ने इमारतों के अंदर जाकर लोगों की तलाश की और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फुकेट में आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ जांच कर रहे हैं। पटांग नगर प्रशासन के प्रतिनिधियों के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट हुआ होगा। इससे निकली चिंगारियां मोटरसाइकिल पार्किंग वाले हिस्से में गिरी होंगी। आसपास मोटरसाइकिलों में मौजूद पेट्रोल और दूसरे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई होगी। हालांकि, यह अभी केवल शुरुआती अनुमान है। पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आएगी।
फुकेट के गवर्नर ने घटनास्थल पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही फुकेट के गवर्नर चोटिन रिन केर्डसोम मौके पर पहुंचे। उनके साथ प्रांतीय पुलिस प्रमुख और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। गवर्नर ने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को प्रभावित लोगों की मदद करने के निर्देश दिए।



















