Nvidia, Microsoft और OpenAI को मिलेगा 'नेशनल चैंपियन' का दर्जा! ट्रंप प्रशासन की बड़ी तैयारी

अमेरिका और चीन के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में मुकाबला लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन अपनी टेक्नोलॉजी कंपनियों को दुनिया भर में आगे बढ़ाने के लिए नई योजना बना रहा है। इसके तहत Nvidia, Microsoft, Amazon, OpenAI और Anthropic समेत दो दर्जन से ज्यादा अमेरिकी कंपनियों को 'नेशनल चैंपियन' का दर्जा दिया जा सकता है। इस योजना का मकसद अमेरिकी कंपनियों को दूसरे देशों में अपना कारोबार बढ़ाने में मदद करना और चीन की टेक्नोलॉजी कंपनियों को कड़ी टक्कर देना है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बारे में अगले सप्ताह तक आधिकारिक घोषणा हो सकती है। अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक इस घोषणा का नेतृत्व कर सकते हैं। हालांकि, इसकी तारीख में बदलाव भी संभव है।
क्या है ट्रंप प्रशासन की नई योजना?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना के जरिए अमेरिका दूसरे देशों की सरकारों और कंपनियों को अपनी AI तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा। अमेरिका चाहता है कि विदेशी खरीदार चीन की तकनीक के बजाय अमेरिकी कंपनियों के AI सिस्टम को प्राथमिकता दें। इसके लिए अमेरिकी प्रोसेसर, AI तकनीक और उससे जुड़े दूसरे उत्पादों को एक साथ पेश किया जाएगा। इससे दूसरे देशों की कंपनियों और सरकारों के लिए अमेरिकी तकनीक खरीदना आसान हो जाएगा।
कंपनियों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं
'नेशनल चैंपियन' का दर्जा मिलने के बाद चुनी गई कंपनियों को अमेरिकी सरकार की तरफ से कई तरह की सुविधाएं मिल सकती हैं।
- विदेशों में कारोबार बढ़ाने के लिए सरकारी मदद मिलेगी।
- एक्सपोर्ट लाइसेंस की मंजूरी जल्दी मिल सकती है।
- सरकारी फंडिंग योजनाओं का लाभ उठाने का मौका मिलेगा।
- दूसरे देशों में अमेरिकी AI तकनीक को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
इस योजना की शुरुआत करीब एक साल पहले ट्रंप प्रशासन की टेक्नोलॉजी रणनीति के तहत हुई थी। हालांकि, अब तक इसमें शामिल होने वाली कंपनियों के नाम सामने नहीं आए थे।
चीन की कंपनियों से अमेरिका को मिल रही चुनौती
AI के बाजार में अमेरिका और चीन के बीच मुकाबला काफी तेज हो गया है। चीन की Huawei Technologies जैसी कंपनियां यूरोप और लैटिन अमेरिका के बाजारों में तेजी से अपना कारोबार बढ़ा रही हैं। ऐसे में अमेरिका अपनी AI तकनीक को ज्यादा से ज्यादा देशों तक पहुंचाना चाहता है। ट्रंप प्रशासन की इस योजना को चीन की बढ़ती तकनीकी ताकत का मुकाबला करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
Nvidia पर भी टिकी हैं सबकी नजरें
इस संभावित सूची में Nvidia का नाम आने की चर्चा ऐसे समय हो रही है, जब कंपनी को लेकर अमेरिका में कई सवाल उठ रहे हैं। Nvidia के चिप्स का इस्तेमाल दुनिया के कई बड़े AI सिस्टम बनाने में किया जाता है। इसलिए इसके उत्पादों की दुनियाभर में काफी मांग है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार Nvidia और उसके CEO जेनसन हुआंग की तारीफ कर चुके हैं। ट्रंप का मानना है कि कंपनी ने अमेरिका में एक बड़ी टेक्नोलॉजी ताकत तैयार की है, जो AI के विकास में अहम भूमिका निभा रही है। हालांकि, चीन को एडवांस AI चिप्स की सप्लाई को लेकर कंपनी पर निगरानी भी बढ़ी है। अमेरिका में चिंता जताई जा रही है कि निर्यात नियमों की कमियों का फायदा उठाकर चीन की कंपनियां इन चिप्स तक पहुंच सकती हैं।
ये भी पढ़ें: Nvidia में फिर होगी जेनसन हुआंग की वापसी? एलन मस्क ने खोला समर्थन का मोर्चा, बोर्ड पर बढ़ा दबाव
राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर भी उठे सवाल
रिपोर्ट में जेनसन हुआंग के चीन की एक कथित खुफिया एजेंट से संबंधों को लेकर उठे आरोपों का भी जिक्र किया गया है। इन खबरों के बाद कुछ आलोचकों ने मांग की है कि अमेरिका को कारोबारी फायदे से ज्यादा राष्ट्रीय सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक को भी इस मामले में आलोचना का सामना करना पड़ा है। आरोप हैं कि उनके विभाग ने ऐसे रास्तों को बंद करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए, जिनसे चीनी कंपनियों तक Nvidia के एडवांस चिप्स पहुंच सकते हैं।
चीन को चिप्स की सप्लाई रोकने की तैयारी
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी वाणिज्य विभाग नए नियम लाने की तैयारी कर रहा है। इनका मकसद हाई-परफॉर्मेंस चिप्स को गलत तरीके से चीन पहुंचने से रोकना है। खास बात यह है कि इस योजना की घोषणा ऐसे समय हो सकती है, जब हॉवर्ड लटनिक राष्ट्रपति ट्रंप की इस सप्ताह होने वाली प्रस्तावित चीन यात्रा में उनके साथ जाने की तैयारी कर रहे हैं। ट्रंप प्रशासन अमेरिकी AI कंपनियों को दुनिया भर में मजबूत बनाने की तैयारी में है। अमेरिका चाहता है कि AI के बाजार में उसकी पकड़ बनी रहे और चीन को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने से चुनौती मिलती रहे।




















