Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Ginger Storage Tips: अदरक को लंबे समय तक ताजा कैसे रखें? जानिए फ्रिज से लेकर फ्रीजर तक स्टोर करने का सही तरीका

अदरक को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए सही तरीके से स्टोर करना जरूरी है। जानिए बिना छीले, छिले और कद्दूकस किए अदरक को फ्रिज में कितने दिन रख सकते हैं। साथ ही जानें फ्रीजर में अदरक को छह महीने तक सुरक्षित रखने का तरीका और खराब अदरक की पहचान कैसे करें।
Ginger Storage Tips: अदरक को लंबे समय तक ताजा कैसे रखें? जानिए फ्रिज से लेकर फ्रीजर तक स्टोर करने का सही तरीका

अदरक भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है। चाय हो या सब्जी, इसका इस्तेमाल खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए किया जाता है। ऐसे में घर में ताजा अदरक रखना काफी काम आता है। लेकिन कई बार सही तरीके से स्टोर न करने के कारण अदरक जल्दी सूखने लगता है या खराब हो जाता है। ऐसे में जानना जरूरी है कि अदरक को फ्रिज, पेंट्री और फ्रीजर में किस तरह रखा जाए, ताकि इसका इस्तेमाल लंबे समय तक किया जा सके।

कमरे के तापमान और फ्रिज में कितने दिन चलता है अदरक?

अदरक को सामान्य कमरे के तापमान वाली जगह यानी पेंट्री और फ्रिज, दोनों में रखा जा सकता है। हालांकि, इसकी ताजगी कितने समय तक बनी रहेगी, यह स्टोर करने के तरीके पर निर्भर करता है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के FoodKeeper ऐप के मुताबिक, कमरे के तापमान पर रखे ताजे अदरक को बेहतर गुणवत्ता के लिए 2 से 5 दिन के अंदर इस्तेमाल कर लेना चाहिए। वहीं, फ्रिज में रखा अदरक 2 से 3 हफ्ते तक इस्तेमाल किया जा सकता है। फूड स्टोरेज विशेषज्ञों के मुताबिक, बिना छीले अदरक को कमरे के तापमान पर रखा जा सकता है, लेकिन इसे फ्रिज के क्रिस्पर ड्रॉअर में एयरटाइट कंटेनर में रखना बेहतर विकल्प है।

अदरक को लंबे समय तक ताजा रखने का तरीका

अदरक को जल्दी खराब होने से बचाने के लिए इसे खुला रखने के बजाय एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करना चाहिए। खासकर कटे हुए अदरक को कंटेनर में रखकर फ्रिज में रखना बेहतर है। पूरा और बिना छीला हुआ अदरक सही तरीके से फ्रिज में रखने पर करीब एक महीने तक चल सकता है। हालांकि, समय-समय पर इसे चेक करते रहें। अगर अदरक पर फफूंद दिखाई दे या उसकी बनावट बदलने लगे, तो उसे इस्तेमाल न करें।

खराब अदरक की पहचान कैसे करें?

  • फ्रिज में रखा अदरक खराब हो रहा है या नहीं, इसकी पहचान कुछ संकेतों से की जा सकती है।
  • अदरक का चमकीला पीला रंग कम होकर भूरा पड़ने लगे।
  • अदरक नरम या गीला होने लगे।
  • उसकी सामान्य बनावट में बदलाव दिखाई दे।
  • उस पर फफूंद नजर आने लगे।
  • अगर अदरक पर फफूंद दिखाई दे रही है, तो उसे फेंक देना चाहिए।

Lifestyle

छीला हुआ अदरक कितने दिन तक चलेगा?

अगर आपने अदरक पहले से छीलकर रखा है, तो उसे ज्यादा समय तक खुला नहीं छोड़ना चाहिए। छिलका हटने के बाद अदरक हवा के संपर्क में अधिक आता है और जल्दी खराब हो सकता है। छीले हुए अदरक को प्लास्टिक में अच्छी तरह लपेटकर फ्रिज के क्रिस्पर ड्रॉअर में रखा जा सकता है। इस तरह स्टोर करने पर यह करीब 2 से 3 हफ्ते तक चल सकता है।

कद्दूकस किया हुआ अदरक कितने दिन तक रख सकते हैं?

कई लोग खाना बनाते समय समय बचाने के लिए अदरक को पहले ही साफ करके, छीलकर और कद्दूकस करके रख लेते हैं। इससे रोजाना अदरक तैयार करने की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि, कद्दूकस किया हुआ अदरक पूरे अदरक की तुलना में कम समय तक ताजा रहता है। इसे एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर करें। यह करीब एक हफ्ते तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए एक बार में उतना ही अदरक कद्दूकस करें, जितना अगले सात दिनों में इस्तेमाल हो सके।

फ्रीजर में छह महीने तक रख सकते हैं अदरक

अगर आप अदरक को और लंबे समय तक स्टोर करना चाहते हैं, तो इसे फ्रीजर में रख सकते हैं। अदरक को पूरा या कद्दूकस करके, दोनों तरह से फ्रीज किया जा सकता है। USDA के FoodKeeper ऐप के मुताबिक, फ्रीज किए गए ताजे अदरक को छह महीने के अंदर इस्तेमाल कर लेना चाहिए। बिना इस्तेमाल किए पूरे अदरक को एयरटाइट कंटेनर में रखकर करीब छह महीने तक फ्रीज किया जा सकता है। इसके बाद इसके स्वाद और गुणवत्ता में कमी आ सकती है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts