Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Dil Ki Bewafaiyan: एकता कपूर ने बताई 'दिल की बेवफाइयां' बनाने की वजह, गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की दिखेगी नई जोड़ी

एकता कपूर का नया शो 'दिल की बेवफाइयां' 24 नवंबर से स्टार प्लस पर शुरू होने जा रहा है। इसमें गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पहली बार साथ नजर आएंगे।
Dil Ki Bewafaiyan: एकता कपूर ने बताई 'दिल की बेवफाइयां' बनाने की वजह, गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की दिखेगी नई जोड़ी
एकता कपूर ने बताया क्यों बनाया गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या का नया शो।

टीवी की दुनिया में एकता कपूर एक बार फिर रिश्तों और शादी की कहानी लेकर आ रही हैं। उनका नया शो 'दिल की बेवफाइयां' जल्द ही स्टार प्लस पर शुरू होने वाला है। इस शो में टीवी एक्टर गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पहली बार एक साथ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि शो की कहानी किसी आम प्रेम कहानी से अलग पति-पत्नी के रिश्ते, उनकी इच्छाओं और शादी के बाद बदलती सोच पर आधारित है। अब एकता कपूर ने खुद बताया है कि आखिर उन्हें 'दिल की बेवफाइयाँ' बनाने का विचार कैसे आया और इस कहानी के पीछे कौन सा सवाल है।

एकता कपूर ने बताया क्यों बनाया 'दिल की बेवफाइयां'?

निर्माता एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपने नए शो की कहानी के पीछे की सोच बताई है। उन्होंने एक ऐसा सवाल उठाया है, जो कई शादीशुदा जोड़ों की जिंदगी से जुड़ा हो सकता है। सवाल यह है कि एक ही शादी में एक व्यक्ति को सब कुछ काफी लगता है, जबकि दूसरे के मन में कुछ और पाने की इच्छा क्यों बनी रहती है? क्या दो लोग एक ही रिश्ते में खुश रहते हुए भी जिंदगी से अलग-अलग चीजें चाह सकते हैं? एकता कपूर इसी सोच को अपने नए शो के जरिए पर्दे पर उतारना चाहती हैं। उनका मानना है कि रिश्तों में प्यार और अपनापन होने के बावजूद इंसान के मन में अपनी जिंदगी को लेकर नई इच्छाएं और सवाल पैदा हो सकते हैं।

गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पहली बार साथ आएंगे नजर

'दिल की बेवफाइयां' में गौरव खन्ना मानव और श्रद्धा आर्या जानकी का किरदार निभाएंगी। दोनों की जोड़ी पहली बार इस शो में साथ दिखाई देगी। शो में जानकी और मानव शादीशुदा हैं और उन्होंने मिलकर एक खूबसूरत जिंदगी बनाई है। लेकिन दोनों की जिंदगी को देखने का नजरिया एक-दूसरे से काफी अलग है। श्रद्धा आर्या यानी जानकी  अपने पति मानव के साथ रोजमर्रा के छोटे-छोटे पलों में खुशियां तलाशती है। उसके लिए दोनों ने मिलकर जो जिंदगी बनाई है, वही काफी है। गौरव खन्ना यानी मानव के मन में अभी भी कुछ अधूरी इच्छाएं हैं। वह जिंदगी के इस पड़ाव पर रुककर सोचता है कि अब उसे अपने लिए क्या करना चाहिए और आगे क्या नया करना चाहता है।

शादी के बाद भी अधूरी रह सकती हैं इच्छाएं

'दिल की बेवफाइयां' की कहानी रिश्तों के एक ऐसे पहलू को दिखाने वाली है, जिस पर अक्सर खुलकर बात नहीं होती। शादी के कई साल बाद भी पति और पत्नी की इच्छाएं एक जैसी हों, यह जरूरी नहीं है। कभी एक व्यक्ति अपनी मौजूदा जिंदगी में खुश होता है, तो दूसरा कुछ नया करने और अलग अनुभव पाने की इच्छा रखता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या दोनों अपनी अलग-अलग सोच के साथ रिश्ते को पहले की तरह बनाए रख पाएंगे? शो में इसी उलझन को रोजमर्रा की परिस्थितियों और पति-पत्नी के बीच होने वाली बातचीत के जरिए दिखाया जाएगा। यह कहानी दर्शकों को अपने रिश्तों और जिंदगी की प्राथमिकताओं के बारे में सोचने का मौका भी दे सकती है।

एकता कपूर ने जिंदगी में ठहराव और नए अनुभवों पर कही ये बात

शो के विचार को समझाते हुए एकता कपूर ने कहा कि हर इंसान अपनी जिंदगी में नए अनुभवों का रोमांच और ठहराव का सुकून, दोनों चाहता है। उनके मुताबिक, जब हम किसी रिश्ते से जुड़ते हैं, तो जिंदगी में स्थिरता और अपनेपन का एहसास आता है। लेकिन कभी-कभी वही जिंदगी थोड़ी उबाऊ भी लगने लगती है। दूसरी तरफ कुछ नया करने और अपनी इच्छाओं को पूरा करने में अलग तरह का रोमांच मिलता है।

कब और कहां देख सकेंगे 'दिल की बेवफाइयां'?

गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या का नया शो 'दिल की बेवफाइयां' 24 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रहा है।

  • शो का नाम: दिल की बेवफाइयां
  • प्रसारण की तारीख: 24 नवंबर 2026
  • टीवी चैनल: स्टार प्लस
  • OTT प्लेटफॉर्म: जियोहॉटस्टार
  • निर्माता: एकता कपूर और बालाजी टेलीफिल्म्स

अब देखना दिलचस्प होगा कि मानव और जानकी की अलग-अलग सोच उनके रिश्ते में क्या बदलाव लाती है और दर्शकों को इस नई कहानी में कितना अपनापन देखने को मिलता है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts