Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शहडोल के ब्यौहारी को सीएम मोहन यादव की सौगात; कटनी से सिंगरौली तक बनेगा फोरलेन, टाइगर रिजर्व में खुलेगा टूरिज्म गेट

शहडोल के ब्यौहारी में जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। कटनी से विजयसोता-बरगवां होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। ब्यौहारी में डिजिटल लाइब्रेरी और संजय गांधी टाइगर रिजर्व में नया पर्यटन प्रवेश द्वार विकसित होगा। मुख्यमंत्री ने 357.71 करोड़ रुपए के 82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
शहडोल के ब्यौहारी को सीएम मोहन यादव की सौगात; कटनी से सिंगरौली तक बनेगा फोरलेन, टाइगर रिजर्व में खुलेगा टूरिज्म गेट
शहडोल के ब्यौहारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

भोपाल/ शहडोल। विंध्य क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कटनी से सिंगरौली तक विजयसोता-बरगवां के रास्ते फोरलेन सड़क बनाने के साथ ब्यौहारी में डिजिटल लाइब्रेरी और संजय गांधी टाइगर रिजर्व में नया पर्यटन प्रवेश द्वार विकसित किया जाएगा। जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इन घोषणाओं के साथ जिले को कई अन्य सौगातें भी दीं।

357 करोड़ के 82 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

/img/89/1794825735215

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कुल 357.71 करोड़ रुपए के 82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 8.64 करोड़ रुपए के 10 कार्यों का लोकार्पण और 349.07 करोड़ रुपए के 72 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। भूमिपूजन वाले कार्यों में ऊर्जा विभाग के 291.51 करोड़ रुपए के दो, जनजातीय कार्य विभाग के 35.66 करोड़ रुपए के 61, गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का 13.09 करोड़ रुपए का एक और नगरीय विकास एवं आवास विभाग के 7.40 करोड़ रुपए के पांच कार्य शामिल हैं।

तीन सड़कों के निर्माण पर खर्च होंगे 46 करोड़ 

मुख्यमंत्री ने सरसी मुख्य मार्ग से खड़ेह मंदिर तक 18 करोड़ रुपए, जामुनी से खड़ेह मंदिर तक 13 करोड़ रुपए और दुआरी से गांधिया तक 15 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण की घोषणा की। इन तीनों सड़कों पर कुल 46 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा मऊ से चरखारी मार्ग का निर्माण भी कराया जाएगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के गांवों और धार्मिक स्थलों तक आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

X Post

टाइगर रिजर्व में बनेगा नया पर्यटन प्रवेश द्वार 

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने संजय गांधी टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से नया प्रवेश द्वार विकसित करने का ऐलान किया। इससे इस क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होने की संभावना है। ब्यौहारी में डिजिटल लाइब्रेरी खोलने की घोषणा भी की गई, जिससे विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन के लिए आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

ये भी पढ़ें: गांधीसागर में 18 नवंबर को होगी मोहन कैबिनेट की बैठक, 11,500 करोड़ की हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को मिलेगी मंजूरी

हाथियों से फसल और मकानों की सुरक्षा के लिए बनेगी रणनीति 

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में जंगली हाथियों के कारण फसलों और मकानों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हाथियों से बचाव के लिए ट्रेंच खोदने सहित दूसरे सुरक्षात्मक उपाय किए जाएंगे। इन उपायों की जानकारी देने और स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण देने के लिए भोपाल से विशेषज्ञों का दल भेजा जाएगा। विशेषज्ञों की टीम क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षा के उपाय सुझाएगी और ग्रामीणों को जागरूक करेगी।

रोड शो में मुख्यमंत्री का स्वागत, बड़ी संख्या में जुटे लोग 

/img/89/1794825752627

राज्यस्तरीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी में रोड शो किया। जनपद पंचायत कार्यालय से स्टेडियम तक निकाले गए रोड शो में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में विकास कार्यों की घोषणाओं और लोकार्पण-भूमिपूजन के जरिए क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, पर्यटन और ग्रामीण सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी गई।

ये भी पढ़ें: PU Special : मप्र में भाजपा मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में मोहन यादव दूसरे स्थान पर, सुंदरलाल पटवा से 19 दिन आगे निकले

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts