टीआई की पत्नी का बड़ा आरोप- सेंधवा के नेता ने दी थी धमकी, कहा था- पुरी को नहीं छोड़ेंगे!

इंदौर - देवास। ‘पुरी को नहीं छोड़ेंगे’... खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की हत्या के मामले में अब उनकी पत्नी कविता ने चौंकाने वाला आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सेंधवा में पदस्थापना के दौरान उनके पति को लगातार परेशान किया जाता था और एक नेता ने उन्हें धमकी तक दी थी कि पुरी को नहीं छोड़ेंगे। सूत्रों की माने तो सेंधवा के हिस्ट्रीशीटर भाजपा नेता संजय यादव का नाम भी हो सकता हैं, लेकिन इस नाम की अधिकारी पुष्टि नहीं हुई हैं। कारण बताया जा रहा हैं कि 8 साल पहले संजय यादव के घर से 9 एमएम के 6 पिस्टल, 32 बोर दो पिस्टल, 7.62 एमएम 2 पिस्टल, 111 कारतूस और 17 देशी हथगोले बरामद किए थे । वही संजय का सेंधवा में एक बड़ा नेटवर्क की बात भी सामने आई हैं। लेकिन पुलिस के पास अभी सी प्रकार का कोई इनपुट नहीं होने की बात सामने आई हैं ।
संबंधित खबर: TI को मिनी ट्रक से कुचलकर भागे ड्राइवर का शॉर्ट एनकाउंटर! आलीराजपुर में पुलिस ने दबोचा
पत्नी के इस आरोप के बीच मंगलवार को टीआई को ट्रक से कुचलकर मारने वाले मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू और क्लीनर धीरज मंडलोई का पुलिस के साथ शॉर्ट एनकाउंटर हो गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने भागने की कोशिश की थी। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी। उधर, हत्याकांड की जांच में हरदा से गुजरात तक फैले करोड़ों रुपये के अवैध शराब कारोबार और कथित राजनीतिक कनेक्शन का भी खुलासा हुआ है।
संबंधित खबर: टीआई की मौत के बाद हरदा में शराब दुकानों पर कार्रवाई, तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित; आबकारी अधिकारी भी सस्पेंड
पुलिस से हथियार छीनकर भागने लगा ड्राइवर, जवाबी फायरिंग में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर मारने के मामले में मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस टीम उसे देवास लेकर आ रही थी। इसी दौरान बरोठा थाना क्षेत्र में आरोपी ने पुलिसकर्मियों से हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में गजेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके साथ मौजूद क्लीनर धीरज मंडलोई भी फायरिंग में घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
संबंधित खबर: देवास में शराब तस्करी रोकने पहुंचे TI दिलीप पूरी को बेरहमी से कुचला- मौत ,आयशर का पहिया चढ़ा और चली गई जान
हरदा से गुजरात तक फैला अवैध शराब का नेटवर्क
टीआई हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को अवैध शराब के बड़े सिंडिकेट की जानकारी मिली है। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क का संचालन हरदा के टिमरनी से लेकर गुजरात तक फैला हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए रोजाना करीब 15 लाख रुपये की शराब का कारोबार किया जा रहा था। जांच में यह भी दावा किया गया है कि इस अवैध कारोबार से मिलने वाली रकम में से रोजाना 2 से 4 लाख रुपये कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल के घर पहुंचते थे। पुलिस को राहुल के मुनीम से जुड़े रिकॉर्ड में दो महीने के दौरान करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये के लेन-देन का हिसाब मिला है।
संबंधित खबर: रजनीकांत के स्वैग पर फिदा हुए अल्लू अर्जुन, ‘जेलर 2’ को बताया शानदार फिल्म
इस मामले में मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल, आलीराजपुर के केरम सिंह और इंदौर के वकील विजय राव को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, विजय राव आरोपियों के कानूनी मामलों को देखने के साथ मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच सक्रिय शराब तस्करी नेटवर्क में मध्यस्थ की भूमिका निभाता था। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटा रही हैं।
पत्नी कविता का आरोप- सेंधवा के एक नेता ने दी थी धमकी
शहीद टीआई दिलीप पुरी की पत्नी कविता ने पति की सेंधवा में पदस्थापना के दौरान उन्हें परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उस दौरान एक नेता ने धमकी देते हुए कहा था कि पुरी को नहीं छोड़ेंगे। पत्नी के इस बयान के बाद मामले में पुराने विवादों और कथित धमकियों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कविता के आरोपों के बीच परिवार ने सरकार से सहायता और नौकरी की मांग भी रखी है। मंगलवार को डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने दिलीप पुरी के पिता की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर बात कराई। इस दौरान पिता ने अपनी बहू को सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति देने की मांग की। परिवार की इच्छा है कि कविता को इंदौर में ही पदस्थ किया जाए। इसके लिए आईजी कार्यालय या पुलिस कमिश्नर कार्यालय में नियुक्ति देने का आग्रह किया गया है।
संबंधित खबर: Jailer 2 Trailer: जेलर 2 में रजनीकांत का 'टाइगर' अंदाज, विद्या बालन के लुक ने खींचा ध्यान
अवैध शराब के खिलाफ पूरे प्रदेश में चलेगा अभियान
टीआई दिलीप पुरी की हत्या और उसके पीछे सामने आए अवैध शराब नेटवर्क के बाद सरकार ने भी सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने डीजीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रदेशभर में अभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। सरकार का जोर अवैध शराब की तस्करी, उसके भंडारण और बिक्री से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने पर है। अब पुलिस अधिकारियों को इस अभियान की रणनीति तैयार कर प्रस्तुत करनी होगी।




















