रजनीकांत के स्वैग पर फिदा हुए अल्लू अर्जुन, ‘जेलर 2’ को बताया शानदार फिल्म

सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ की सफलता ने दर्शकों के साथ-साथ फिल्मी सितारों का भी ध्यान खींचा है। अब अभिनेता अल्लू अर्जुन ने फिल्म की तारीफ करते हुए रजनीकांत के स्टारडम, स्वैग और पर्दे पर उनके शानदार अंदाज की सराहना की है। उन्होंने फिल्म के निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार, संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और पूरी टीम को भी बधाई दी।
‘रजनी सर जैसा अंदाज सिर्फ उन्हीं का है’
अल्लू अर्जुन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘जेलर 2’ का पोस्टर शेयर करते हुए फिल्म की तारीफ की। उन्होंने रजनीकांत के अंदाज को फिल्म की खासियत बताते हुए लिखा कि यह उनके स्टारडम, स्वैग और शानदार व्यक्तित्व की बेहतरीन मिसाल है। अल्लू अर्जुन ने फिल्म को ऐसा मनोरंजक अनुभव बताया, जो दर्शकों का रोमांच लगातार बनाए रखता है। उन्होंने संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर के काम की तारीफ की और फिल्म के कलाकारों, तकनीशियनों, निर्माता सन पिक्चर्स तथा निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार को भी बधाई दी।
500 करोड़ के आंकड़े पर भी किया कमेंट
अल्लू अर्जुन ने अपने पोस्ट में रजनीकांत के खास अंदाज का जिक्र करते हुए लिखा कि बिना शर्ट पर एक भी सिलवट पड़े 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करना सिर्फ रजनी सर के लिए ही मुमकिन है। उनका यह कमेंट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘जेलर 2’ का जलवा
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ में एक्शन, मनोरंजन और रजनीकांत की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस देखने को मिलती है। फिल्म की कमाई और दर्शकों की प्रतिक्रिया को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। अल्लू अर्जुन की तारीफ ने भी फिल्म को लेकर प्रशंसकों की दिलचस्पी बढ़ाई है।
इन फिल्मों में नजर आएंगे अल्लू अर्जुन
अल्लू अर्जुन भी अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर सुर्खियों में हैं। वह निर्देशक एटली की फिल्म ‘राका’ में नजर आएंगे, जिसमें दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में हैं। इसके अलावा उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्मों में ‘एए23’ और ‘पुष्पा 3: द रैम्पेज’ भी शामिल हैं।




















