Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सूरजपुर में 16 लोगों की जान लेने वाले कबरा कान हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की तैयारी अब सैटेलाइट से होगी निगरानी

गांवों में मौत का खौफ फैलाने वाले हाथी की हर चाल पर रहेगी नजर, वन विभाग ने ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की दी मंजूरी,छत्तीसगढ़ के सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा में आतंक का पर्याय बने कबरा कान हाथी को वन विभाग रेडियो कॉलर लगाने जा रहा है। छह महीने में 16 लोगों की जान लेने वाले इस हाथी की गतिविधियों पर अब सैटेलाइट से नजर रखी जाएगी। सूरजपुर और बलरामपुर के DFO को अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
  सूरजपुर में 16 लोगों की जान लेने वाले कबरा कान हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की तैयारी अब सैटेलाइट से होगी निगरानी

रायपुर/सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में 16 लोगों की जान लेने वाले खूंखार कबरा कान हाथी को लेकर वन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। लगातार बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष के बीच अब इस हाथी को ट्रैंकुलाइज कर उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाया जाएगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव वार्डन कार्यालय ने इसके लिए आधिकारिक अनुमति जारी कर दी है।

सैटेलाइट से होगी निगरानी 

रेडियो कॉलर लगने के बाद हाथी की लोकेशन, मूवमेंट और विचरण क्षेत्र पर सैटेलाइट के जरिए नजर रखी जा सकेगी।हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। 11 नवंबर की रात भी सूरजपुर जिले के प्रेमनगर क्षेत्र के श्यामनगर में हाथी ने एक महिला को कुचलकर मार डाला। गांव में हाथी के घुसने की खबर से ग्रामीण जान बचाने के लिए घर छोड़कर भाग रहे थे। इसी दौरान महिला हाथी की चपेट में आ गई। पिछले छह महीनों में इस हाथी के हमलों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है।

संबंधित खबर: मरवाही के जंगल में 62 हाथियों का झुंड,खेतों में किसानों की मेहनत पर संकट,ड्रोन से खुला राज

16 मौतों के बाद जागा वन विभाग, अब वैज्ञानिक तरीके से होगी निगरानी

कबरा कान हाथी की लगातार बदलती गतिविधियों और उसके मूवमेंट पैटर्न को समझने के लिए वन विभाग अब तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। रेडियो कॉलर लगाने से हाथी किस दिशा में जा रहा है, किन गांवों के आसपास उसकी मौजूदगी है और उसका विचरण क्षेत्र कितना बड़ा है, इसकी जानकारी मिल सकेगी। विभाग को उम्मीद है कि सैटेलाइट से मिलने वाले लोकेशन इनपुट के आधार पर संभावित खतरे का पहले ही आकलन किया जा सकेगा। इससे प्रभावित गांवों में अलर्ट जारी करने और सुरक्षा टीमों को समय रहते तैनात करने में मदद मिलेगी।

इन इलाकों में मचा रखा है आतंक

वन विभाग के आदेश के मुताबिक, कबरा कान हाथी प्रतापपुर, धौर, सूरजपुर, राजपुर, अंबिकापुर और तमोर पिंगला क्षेत्र में विचरण कर रहा है। इस हाथी के कारण सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा वनमंडल में मानव-हाथी संघर्ष की गंभीर स्थिति बनी हुई है। हाथी के हमलों में अब तक जनहानि के साथ ग्रामीणों की फसलों और मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। लगातार हो रही घटनाओं ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

ट्रैंकुलाइज कर गले में लगाया जाएगा सैटेलाइट कॉलर

वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 11(1)(क) के तहत इस कार्रवाई की अनुमति दी गई है। विशेष प्रशिक्षित टीम हाथी को ट्रैंकुलाइज करेगी और उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाया जाएगा। इस अभियान के लिए जरूरत के मुताबिक अलग-अलग टीमों का गठन होगा। अभियान में प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों के साथ विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कुमकी हाथियों का भी सहयोग लिया जा सकेगा। पूरी प्रक्रिया प्रोजेक्ट एलीफेंट और भारतीय वन्यजीव संस्थान के दिशा-निर्देशों तथा निर्धारित ऑपरेटिंग प्रक्रिया के अनुसार पूरी की जाएगी।

संबंधित खबर: राजपुर में जंगली हाथी ने ग्रामीण को कुचला, मौके पर मौत,अलर्ट सिस्टम पर उठे सवाल

सूरजपुर और बलरामपुर DFO को मिली बड़ी जिम्मेदारी

वन विभाग ने सूरजपुर और बलरामपुर के वनमंडलाधिकारी (DFO) को संयुक्त रूप से प्रभारी एवं नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। दोनों अधिकारियों को हाथी की सही पहचान, उसकी लोकेशन की पुष्टि, विशेषज्ञ टीमों के साथ समन्वय और अभियान के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 
रेडियो कॉलर लगाने के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा हाथी

वन विभाग ने निर्देश दिए हैं कि पूरी कार्रवाई के दौरान हाथी को न्यूनतम शारीरिक नुकसान पहुंचे और आसपास के लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो। रेडियो कॉलर लगाने के बाद हाथी का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। स्वस्थ पाए जाने पर उसे उसके प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद सैटेलाइट के माध्यम से उसकी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाएगी। अभियान और उसके परिणामों से संबंधित रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिन में शासन को भेजना अनिवार्य होगा।

संबंधित खबर: हाथियों का आतंक,जान बचाने छतों पर तंबू, 40 से ज्यादा हाथियों ने 17 गांवों में मचाई दहशत

सबसे बड़ा सवाल: क्या रेडियो कॉलर से बचेंगी 16 और जानें?

कबरा कान हाथी को रेडियो कॉलर लगाने का फैसला निश्चित रूप से वन विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है, लेकिन असली चुनौती इसके बाद शुरू होगी। रेडियो कॉलर से हाथी की लोकेशन तो पता चल जाएगी, मगर इससे ग्रामीणों की जान तभी बच सकेगी, जब सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई भी हो। प्रभावित गांवों में समय पर अलर्ट, हाथी की दिशा की सटीक जानकारी, प्रशिक्षित रेस्क्यू टीमों की तैनाती और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था बेहद जरूरी होगी। अब सवाल सिर्फ हाथी की लोकेशन जानने का नहीं, बल्कि उन गांवों को सुरक्षित रखने का है, जहां हर रात हाथियों का डर लोगों की नींद छीन रहा है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts