Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुजरात: अहमदाबाद एक्सप्रेस-वे पर पलटी तेज रफ्तार कार, पति-पत्नी की मौत; 8 साल की बेटी समेत 4 घायल

गुजरात के धोलेरा-अहमदाबाद एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में अहमदाबाद के एक दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी 8 साल की बेटी समेत चार लोग घायल हो गए।
गुजरात: अहमदाबाद एक्सप्रेस-वे पर पलटी तेज रफ्तार कार, पति-पत्नी की मौत; 8 साल की बेटी समेत 4 घायल
सांकेतिक फोटो

हादसा पीपली गांव के पास हुआ, जहां कार चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है।

अहमदाबाद से भावनगर जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, मेमन परिवार कार में सवार होकर अहमदाबाद से भावनगर जा रहा था। इसी दौरान धोलेरा-अहमदाबाद एक्सप्रेस-वे पर पीपली गांव के पास चालक का कार से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार में सवार लोग अंदर फंस गए।

ये भी पढ़ें: कटनी में किसना ज्वेलर्स शोरूम से 12 करोड़ की ज्वेलरी चोरी, दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोर; सोने और हीरे के जेवर लेकर फरार

नजीरहुसैन मेमन की मौके पर मौत

हादसे में जमालपुर निवासी नजीरहुसैन मेमन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने और उनकी मदद करने की कोशिश की। हादसे की गंभीरता को देखते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस बुलवाई गईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले पत्नी ने तोड़ा दम

नजीरहुसैन की पत्नी आल्फीनाबेन मेमन भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें एम्बुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों तक पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस तरह दुर्घटना में दंपती की मौत हो गई।

Breaking News

तीन एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल

हादसे की सूचना मिलने के बाद पीपली, धोलेरा और धंधुका से तीन एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और इसके बाद भावनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में घायल सभी लोगों का उपचार जारी है।

8 साल की बेटी की हालत गंभीर

हादसे में दंपती की 8 वर्षीय बेटी फातिमाबेन भी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इसके अलावा शहनाजबेन मेमन (61), सोबनभाई सकारवाला (26) और रेहानाबेन सकारवाला (60) भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही धोलेरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार चालक ने किस वजह से वाहन से नियंत्रण खोया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त कार और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। 

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts